तहसीलदार आशीष कुमार पांडे के नेतृत्व में टीम ने रचा कीर्तिमान, महिला शिक्षिकाओं की विशेष सराहना
समाज जागरण
मीरजापुर /भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण में मड़िहान तहसील ने समय से पूर्व कार्य पूर्ण कर जनपद में मिसाल कायम की है। तहसील के अंतर्गत आने वाले विकासखंड राजगढ़ ने जनगणना कार्य में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि पटेहरा विकासखंड दूसरे स्थान पर रहा। तहसीलदार आशीष कुमार पांडे के कुशल नेतृत्व और प्रशासनिक सूझबूझ के चलते 20 जून की निर्धारित अंतिम तिथि से करीब 2 सप्ताह पूर्व ही 22 मई से शुरू हुआ प्रथम चरण का कार्य पूरे तहसील क्षेत्र में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।
207 एच एल बी में 236 कर्मियों ने संभाला मोर्चा*
जनगणना चार्ज अधिकारी व तहसीलदार मड़िहान आशीष कुमार पांडे की देखरेख में मड़िहान आंशिक क्षेत्र के 207 हाउसलिस्टिंग ब्लॉक (HLB) में कुल 34 सुपरवाइजर एवं 202 प्रगणकों की नियुक्ति की गई थी। फील्ड अफसर के रूप में एआरपी अशोक सिंह, सहायक अध्यापक अभिषेक सिंह एवं अमित विश्वकर्मा कोट को तहसील प्रशासन द्वारा जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इन अफसरों ने फील्ड में प्रगणकों को आ रही दैनिक समस्याओं का तत्काल निराकरण कर कार्य में गति बनाए रखी।
प्रशासनिक टीमवर्क बना सफलता का आधार
पूरे अभियान का संचालन नायब तहसीलदार राहुल मिश्रा व अपर चार्ज अधिकारी के मार्गदर्शन में हुआ। खंड शिक्षा अधिकारी राजगढ़ संजय यादव के निर्देशन में शिक्षकों की टीम ने भीषण गर्मी के बावजूद पूरे मनोयोग से लक्ष्य को निर्धारित समय से पूर्व हासिल किया। खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त करने पर पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा,पूरी टीम ने कठिन परिश्रम कर जनपद में राजगढ़ का नाम रोशन किया है। खासकर महिला शिक्षिकाओं का योगदान सराहनीय रहा, जिन्होंने विषम परिस्थितियों में भी निर्बाध रूप से कार्य पूर्ण किया।द्वितीय चरण की तैयारियां शुरूतहसीलदार आशीष कुमार पांडे ने प्रथम चरण की सफलता पर सभी कर्मियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने आगामी फरवरी 2027 में होने वाले द्वितीय चरण की जातिगत जनगणना के लिए अभी से कमर कसने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में सामने आई कुछ व्यावहारिक एवं स्थलीय कमियों को दूर करने हेतु तहसील में सहयोगी के रूप में नियुक्त लेखपाल मनीष को विशेष जिम्मेदारी दी गई है, ताकि द्वितीय चरण और अधिक सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
मड़िहान तहसील में केवल दो विकासखंड राजगढ़ और पटेहरा आते हैं, जिनमें आपसी स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के चलते यह उपलब्धि हासिल हुई है। तहसील प्रशासन की इस कार्यकुशलता की पूरे जनपद में चर्चा है।



