लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति किया गया जागरूक
पुलिस मुख्यालय एवं गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार संचालित ऑपरेशन “सेफ क्लिक 2.0” के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक अनूपपुर श्री विक्रांत मुराब के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगनाथ मारकाम तथा एसडीओपी कोतमा श्रीमती आरती शाक्य के निर्देशन में थाना रामनगर पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने हेतु विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
इसी क्रम में आज दिनांक 03 जुलाई 2026 को थाना रामनगर पुलिस की टीम द्वारा काली मंदिर राजनगर, शिव मंदिर (CMPDI) राजनगर एवं जुमे की नमाज के लिए उपस्थित लोगों को सीआरओ मस्जिद राजनगर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को डिजिटल माध्यमों से होने वाले साइबर अपराधों तथा उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित नागरिकों को बताया कि वर्तमान समय में साइबर ठग फर्जी फोन कॉल, ओटीपी, केवाईसी अपडेट, बैंक अधिकारी बनकर कॉल, डिजिटल अरेस्ट, निवेश के नाम पर धोखाधड़ी, सोशल मीडिया हैकिंग, ऑनलाइन शॉपिंग एवं यूपीआई फ्रॉड जैसे विभिन्न तरीकों से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ऐसे अपराधों से बचने के लिए किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ अपनी बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी, सीवीवी, यूपीआई पिन अथवा पासवर्ड साझा न करने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करने तथा www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर शीघ्र शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सभी से अपील की गई कि वे स्वयं सतर्क रहें और अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



