समाज जागरण ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा। 10 अगस्त 2025, भाद्र मास शुक्ल पक्ष प्रतिपदा को राष्ट्रचिंतना की 30वीं गोष्ठी “स्वाधीनता दिवस – अखंड भारत समारोह” का आयोजन जीएनआईओटी (GNIOT) ग्रेटर नोएडा के सभागार में किया गया।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. विवेक कुमार, हेड, एमिटी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, नोएडा ने सभी विशिष्ट अतिथियों का परिचय कराते हुए किया।
राष्ट्रचिंतना, ग्रेटर नोएडा के अध्यक्ष श्री राजेश बिहारी ने प्राचीन भारत के स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आज का यूरेशिया भूभाग प्राचीन काल में जंबू द्वीप कहलाता था। इस संदर्भ में उन्होंने भागवत पुराण और ऋग्वेद जैसे प्राचीन ग्रंथों का उल्लेख किया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि मेजर जनरल दिनेश शर्मा ने अपने संबोधन में आंतरिक सुरक्षा के बढ़ते महत्व और इसके विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
मुख्य अतिथि श्रीमान राजेंद्र नायक (IAS), पूर्व कंट्रोलर जनरल, भारत एवं राज्य मंत्री, राजस्थान सरकार ने कहा कि अखंड भारत के निर्माण के लिए हमें अपनी संस्कृति और भाषा पर गर्व करना होगा। उन्होंने कहा कि हमारी कमजोरियों के कारण ही देश गुलाम बना, और आज आवश्यकता है कि हम अपनी जड़ों को पहचानें।
मुख्य वक्ता राष्ट्रीय विचारक भाई महावीर जी (पूर्व संघ प्रचारक, पूर्व केंद्रीय मंत्री, विश्व हिंदू परिषद) ने भारत के गौरवशाली अतीत का स्मरण कराते हुए कहा कि भारत कभी विश्व गुरु था और शिक्षा, संस्कृति व विज्ञान के केंद्र के रूप में पूरी दुनिया में विख्यात था। उन्होंने मुट्ठी भर आक्रांताओं द्वारा भारत को लूटे जाने के पीछे स्वार्थ, ईर्ष्या और एक केंद्रीय शक्ति के अभाव को कारण बताया।
उन्होंने राजस्थान के महाराणा प्रताप, पंजाब के सिख योद्धाओं, सहारनपुर की राम प्यारी गुर्जरी जैसी वीरांगनाओं और 1946 में तीनों सेनाओं के विद्रोह का उल्लेख करते हुए कहा कि इन्हीं बलिदानों ने आज़ादी का मार्ग प्रशस्त किया।
उन्होंने उपस्थित लोगों से “अखंड भारत” के लक्ष्य को साकार करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

आशीर्वचन देते हुए रामानंदाचार्य जगतगुरु स्वामी श्री वैदेही बल्लभ देवाचार्य जी महाराज ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने सदैव मां भारती की सेवा के लिए प्रबुद्ध जनों को तैयार किया है। उन्होंने परिवार में संस्कार निर्माण, सनातन धर्म और राष्ट्र सेवा में सक्रिय भागीदारी का आग्रह किया।
इस मौके पर दनिश जी और सविता जी ने वीर रस के गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार सोनी, डॉ. संदीप, डॉ. निधि, श्रीमती संगीता वर्मा, डॉ. दिव्या अग्रवाल, संदीप कुमार सिन्हा, डॉ. बीके श्रीवास्तव, श्री निर्मल श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
#Rashtrachintna #GreaterNoidaNews #IndependenceDay2025 #AkhandBharat #BhaiMahavirJi #RajendraNayak #RSS #SwatantrataDiwas #BharatKaItihas #SamajJagran



