वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
05 फरवरी 2026 को बिहार राज्य भूमि सुधार कर्मचारी संघ (संयुक्त संघर्ष मोर्चा) के आह्वान पर किशनगंज जिले सहित पूरे बिहार में राजस्व कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया। यह धरना राज्य सरकार की दमनकारी नीतियों तथा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा स्वयं लिए गए निर्णयों को लागू नहीं किए जाने के विरोध में आयोजित किया गया।
राजस्व कर्मचारी राज्य की राजस्व व्यवस्था की रीढ़ माने जाते हैं। इन्हीं कर्मचारियों एवं अंचल अधिकारियों के सहयोग से सरकार अपनी उपलब्धियों का दावा करती है, लेकिन इसके बावजूद कर्मचारियों की जायज़ मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है, जिससे राजस्व कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
धरना स्थल पर उपस्थित संजीत कुमार (जिला सचिव) ने बताया कि राजस्व कर्मचारियों की 17 सूत्री मांगों को वर्ष 2025 में सरकार द्वारा स्वीकार किया गया था, लेकिन अब तक उनका क्रियान्वयन नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि विगत आठ माह से विभाग कर्मचारियों की मांगों के प्रति कोई गंभीरता नहीं दिखा रहा है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में राजस्व कर्मचारियों का वेतनमान स्तर 2 (ग्रेड वेतन 1900) है, जबकि अब न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता स्नातक निर्धारित कर दी गई है। ऐसी स्थिति में वेतनमान कम से कम स्तर 5 (ग्रेड वेतन 2800) अथवा स्तर 6 (ग्रेड वेतन 4200) किया जाना चाहिए। इसके साथ ही सभी नवनियुक्त राजस्व कर्मचारियों की गृह जिले में शीघ्र पदस्थापना, वर्षों से लंबित पदोन्नति, आश्वस्त कैरियर प्रगति योजना तथा संशोधित आश्वस्त कैरियर प्रगति योजना का लाभ, सेवा की पुष्टि तथा पदनाम परिवर्तन की मांग प्रमुख रूप से रखी गई। संजीत कुमार ने कहा कि एक-एक राजस्व कर्मचारी को कई-कई हल्का एवं पंचायतों का प्रभार देकर अत्यधिक कार्यभार सौंप दिया गया है, जिससे कर्मचारी मानसिक और शारीरिक रूप से बीमार हो रहे हैं। विभाग द्वारा न तो इंटरनेट, मुद्रक, फर्नीचर जैसी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराई गई हैं और न ही समुचित कार्यालय व्यवस्था है। कर्मचारियों को निजी मोबाइल एवं संसाधनों के माध्यम से सरकारी कार्य करने के लिए विवश किया जा रहा है। वहीं रविवार एवं राजपत्रित अवकाश के दिनों में भी कार्य लिया जाना राज्यपाल के आदेशों का उल्लंघन है।
धरना कार्यक्रम में राहुल रंजन, आशुतोष कुमार, सचिन कुमार, सचिन ठाकुर, संजीत कुमार (जिला सचिव), संतोष कुमार, पवन कुमार, हंसराज साहनी, मिथिलेश झा (जिला अध्यक्ष) एवं जैकी प्रसाद मंडल सहित बड़ी संख्या में राजस्व कर्मचारी उपस्थित रहे।
आंदोलन के तहत 03 फरवरी 2026 को पूरे बिहार में काला बिल्ला लगाकर कार्य किया गया। 05 फरवरी 2026 को सभी जिला मुख्यालयों पर एक दिवसीय धरना दिया गया तथा 09 फरवरी 2026 को गर्दनीबाग, पटना में राज्यस्तरीय धरना आयोजित किया जाएगा। इसके बाद भी यदि मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो 11 फरवरी 2026 से सभी राजस्व कर्मचारी अनिश्चितकालीन सामूहिक धरना प्रारंभ करने को बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग तथा बिहार सरकार की होगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



