उपायुक्त ने किया निरीक्षण, विभागों को समन्वय के साथ काम करने का आह्वान
मिंटू कुमार समाज जागरण हजारीबाग सदर
समाहरणालय सभागार में गुरुवार को उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट) की समीक्षा की गई और सड़क सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के उपरांत उपायुक्त ने सड़क सुरक्षा टीम के साथ जिले के ब्लैक स्पॉट का संयुक्त निरीक्षण किया और वहां शीघ्र ही साइनबोर्ड, रम्बर स्ट्रिप और स्पीड ब्रेकर लगाने का निर्देश दिया।
स्वास्थ्य विभाग को दुर्घटना की स्थिति में एम्बुलेंस रिस्पॉन्स टाइम की निगरानी और आइआरएडी पोर्टल पर सभी दुर्घटनाओं की समयबद्ध प्रविष्टि सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं पुलिस विभाग को ब्रेथ एनालाइजर के जरिए नियमित रूप से जांच अभियान चलाकर नशे में वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बरही क्षेत्र में सड़क अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासनिक अभियान चलाने और शिक्षा विभाग को स्कूलों में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी नियमित रूप से देने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी विभागों को मिलकर कार्य करना होगा। आमजन की सुरक्षा के लिए ठोस और समयबद्ध कदम उठाना जरूरी है।
बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी वैद्यनाथ कामती, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, स्वास्थ्य विभाग, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



