google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

करोड़ों की सड़क एक हफ्ते में उखड़ी, पीडब्ल्यूडी की कार्यप्रणाली पर सवाल

विवेक कुमार दैनिक समाज जागरण संवाददाता

राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज विकास खण्ड के अंतर्गत नगराम थाना क्षेत्र स्थित बलसिंह खेड़ा गांव में पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा हाल ही में कराए गए सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई गई यह सड़क महज एक सप्ताह में ही उखड़ने लगी है, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।ग्रामीणों के अनुसार गांव के अंदर आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से पीडब्ल्यूडी विभाग ने कुछ दिन पहले सड़क निर्माण कार्य कराया था। शुरुआत में ग्रामीणों को उम्मीद थी कि अब वर्षों पुरानी समस्या से निजात मिलेगी, लेकिन उनकी उम्मीदें जल्द ही टूट गईं।

सड़क की गिट्टियां जगह-जगह से निकलने लगी हैं, सतह टूट चुकी है और कई स्थानों पर गड्ढे बन गए हैं।स्थिति यह है कि रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले बाइक सवार और पैदल यात्री फिसलकर गिर रहे हैं। बीते दिनों कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग और ठेकेदार की ओर से अब तक कोई सुध नहीं ली गई है।ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया है और मानकों को पूरी तरह से नजरअंदाज किया गया। नाम न छापने की शर्त पर कुछ ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण के समय भी गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए गए थे, लेकिन ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों ने किसी की बात नहीं सुनी।ग्रामीणों में बढ़ते आक्रोश को देखते हुए अब गांव में आंदोलन की स्थिति बनती नजर आ रही है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई और दोषी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वे जिला प्रशासन का घेराव करने को मजबूर होंगे ग्रामीणों ने पीडब्ल्यूडी विभाग और जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने और सड़क का दोबारा गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी धन की इस तरह बर्बादी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और ग्रामीणों को कब तक सुरक्षित और टिकाऊ सड़क नसीब होती है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)