google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना में तेल एजेंसी के मालिक से सवा पांच लाख रुपये की लूट

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के बेऊर थाना क्षेत्र में स्थित आईओसी डिपो (पड़ि) के समीप इतवारपुर गांव जाने वाले मार्ग पर बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने एक तेल एजेंसी संचालक से 5 लाख 25 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पीड़ित बोरिंग रोड के रहने वाले मनोज कुमार ने बताया कि वह बेऊर क्षेत्र में सरसों तेल और रिफाइंड तेल का कारोबार करते हैं। रविवार को वे कलेक्शन का पैसा लेकर इतवारपुर प्रसाद रोड से होते हुए आईओसी डिपो की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सुधा बूथ के पास अचानक यामाहा एफजेड बाइक पर आए दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। मनोज के मुताबिक, बदमाशों ने सबसे पहले उन्हें पिस्तौल दिखाकर धमकाया। विरोध का मौका दिए बिना अपराधियों ने रुपए से भरा बैग झपट लिया और रफ्तार से बाइक चलाते हुए मौके से फरार हो गए। कुछ ही क्षण में दोनों बदमाश आंखों से ओझल हो गए। लूट की वारदात होते ही आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बेऊर थाना पुलिस को खबर दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित से प्रारंभिक पूछताछ की और आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल के आसपास कई प्रतिष्ठानों और घरों में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। फुटेज की मदद से अपराधियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। थानाध्यक्ष ने यह भी कहा कि आसपास के इलाकों में चेकिंग बढ़ा दी गई है, और अपराधियों की गिरफ्तारी जल्द की जाएगी। स्थानीय दुकानदारों ने कहा कि बेऊर थाना क्षेत्र में पिछले कुछ समय से अपराधियों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। आए दिन चोरी, छिनतई और लूट की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे व्यापारियों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि पुलिस की गश्ती और निगरानी और अधिक सख्त होनी चाहिए। पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी है और अपराधियों के संभावित रास्तों पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने दावा किया है कि फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लुटेरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)