समाज जागरण संवाददाता निगोहा
लखनऊ, निगोहां
बाबू सुन्दर सिंह ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन्स द्वारा संचालित रूसी भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में सहभागिता कर रहे कुल 72 छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए, जिससे पूरे परिसर में उत्साह और उमंग का संचार हुआ।
समारोह का शुभारम्भ पारंपरिक स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। तत्पश्चात बीएसएसजीआई के महानिदेशक डॉ. के. के. सिंह ने अपने प्रेरक समापन-संदेश में विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए वैश्विक भाषा-ज्ञान के महत्व पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम की विशेष अतिथि प्रो. नतालिया व्लादिमिरोव्ना श्मेलेवा ने अपने विचारोत्तेजक संबोधन में भाषा अधिगम के महत्व, अंतरराष्ट्रीय अवसरों तथा सतत कौशल-विकास की अनिवार्यता पर विस्तार से चर्चा की। उनके विचारों ने छात्रों में नई ऊर्जा और सीखने के प्रति गहन उत्साह उत्पन्न किया।इसके पश्चात विद्यार्थियों ने रूसी भाषा में अपने अनुभव साझा किए, जिनमें उन्होंने कार्यक्रम से प्राप्त मार्गदर्शन, संवाद-कौशल तथा भविष्य की संभावनाओं पर सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए।
समारोह के मुख्य चरण में 72 विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इस दौरान विद्यार्थियों के चेहरों पर उपलब्धि का गर्व और सीख को आगे बढ़ाने का उत्साह स्पष्ट देखा गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष आनंद शेखर सिंह ने की। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर प्रगति के मार्ग पर अग्रसर रहने तथा वैश्विक मंच पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।अंत में बीएसएससीओपी के निदेशक डॉ. आलोक कुमार शुक्ला ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया और सभी अतिथियों, शिक्षकों तथा विद्यार्थियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



