नवाचार और रचनात्मकता का उत्सव
दैनिक समाज जागरण/पंकज राघव
संभल। बाल विद्या मंदिर, सम्भल में एटीएल (अटल टिंकरिंग लैब) कम्युनिटी डे का सफल आयोजन किया गया। इस विशेष अवसर पर जिले के कई सरकारी और सीबीएसई स्कूलों ने भाग लिया। आसपास के विद्यालयों से 75 छात्र और 10 शिक्षक कार्यक्रम में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुभारंभिक वक्ता श्रीमती संगीता पंवार ने उद्घाटन भाषण में एटीएल कम्युनिटी डे के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।
एटीएल क्लब के प्रखर शर्मा एवं अन्य छात्रों ने प्रतिभागियों को एटीएल की मूलभूत जानकारियाँ दीं और उन्हें विभिन्न उपकरणों एवं तकनीकी गतिविधियों से परिचित कराया। उपस्थित छात्रों ने ‘हैंड्स ऑन’ प्रयोगों में भाग लेकर नवाचार का वास्तविक अनुभव प्राप्त किया। एटीएल समन्वयक आलोक राय ने विद्यालय द्वारा नवाचार को बढ़ावा देने के लिए उठाए गए विभिन्न कदमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय नियमित रूप से छात्रों को विज्ञान, तकनीक और उद्यमिता के क्षेत्रों में प्रेरित कर रहा है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मनीष पंवार ने कहा कि एटीएल, राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के विजन को साकार करने का माध्यम है। यह विद्यार्थियों में समस्या समाधान, सहयोग, नेतृत्व एवं प्रयोगशीलता जैसे गुणों को विकसित करता है। विद्यालय प्रबंधक अमिताभ गर्ग ने शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम ने आसपास के विद्यालयों के छात्रों को एक साझा मंच प्रदान किया है, जहां वे अपनी प्रतिभा को पहचानने और प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त कर सके।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। एटीएल कम्युनिटी डे बाल विद्या मंदिर के लिए एक प्रेरणादायक पहल साबित हुई, जिसने नवाचार, सहभागिता और रचनात्मकता की भावना को और अधिक प्रोत्साहित किया
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



