google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

नमक-रोटी खाकर सपाइयों ने भाजपा सरकार के 12 वर्षों का किया विरोध

समाज जागरण/ अवधेश कुमार गुप्ता

सोनभद्र। भाजपा सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर जहां एक ओर सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, वहीं समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर महंगाई, बेरोजगारी और स्वास्थ्य सेवाओं के मुद्दे उठाए। रविवार को स्वर्ण जयंती चौक पर सपा कार्यकर्ताओं ने आमजन के साथ नमक-रोटी खाकर भाजपा सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को “नाकामी का दौर” बताते हुए विरोध जताया। कार्यक्रम का नेतृत्व कर रहे सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के 12 वर्ष केवल मंत्री, विधायक और सांसदों के लिए अच्छे दिन लेकर आए हैं, जबकि किसान, मजदूर और नौजवान महंगाई तथा बेरोजगारी से परेशान हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार लगातार अपनी उपलब्धियां गिना रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग है। प्रमोद यादव ने आरोप लगाया कि सोनभद्र में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति बदहाल है। ट्रामा सेंटर और बर्न यूनिट बंद पड़े हैं तथा जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए लोगों को महीनों इंतजार करना पड़ता है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी डॉक्टरों और आवश्यक सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने कहा कि जिले में मजदूरों को पर्याप्त काम नहीं मिल रहा है और बढ़ती महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं ने कभी महंगाई कम करने और वस्तुओं को सस्ता करने का वादा किया था, लेकिन आज खाने का तेल, गैस सिलेंडर, दवाई, पढ़ाई और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुएं लगातार महंगी होती जा रही हैं।

मजदूर दिनभर मेहनत करने के बाद भी परिवार का भरण-पोषण करने में कठिनाई महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि इसी स्थिति को दर्शाने के लिए सपा कार्यकर्ताओं ने नमक-रोटी खाकर विरोध दर्ज कराया है। कार्यक्रम का संचालन अल्पसंख्यक सभा प्रकोष्ठ के जिला उपाध्यक्ष जुनैद अंसारी ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय केवल प्रचार-प्रसार में व्यस्त है। इस अवसर पर शंभू भारती, सरोज शर्मा, मोहन केवट, सुरेश अग्रहरी, रमाशंकर खरवार, अशोक यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)