काउंटर पर लगाया क्यूआर कोड, मरीजों और तीमारदारों की परेशानी हुई दूर
दैनिक समाज जागरण, ( महेन्द्र जावला बहल )
भिवानी, 18 अक्टूबर। चौधरी बंसीलाल राजकीय सामान्य अस्पताल में उपचार करवाने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को अब पर्ची कटवाने के लिए जेब से नगद पैसे निकाल कर देने के झंझट से निजात मिल गई है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल में क्यूआर कोड की सुविधा शुरू कर दी है, जिसके माध्यम से डिजिटल भुगतान कर सकेंगे।
सिविल सर्जन डॉ. रघुवीर शांडिल्य ने बताया कि अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीज और उनके तीमारदारों की सुविधा के लिए अस्पताल में डिजिटल भुगतान यानी कैसलैश सुविधा शुरू की गई है। अब मरीजों को पर्ची कटवाने के लिए जेब की तरफ नहीं देखना पड़ेगा। तीमारदार या मरीज आसानी से क्यूआर कोड को स्कैन करके पर्ची कटवा सकेंगे।

उन्होंने बताया कि आमतौर पर खुले पैसे नहीं होने की वजह से न केवल मरीजों को बल्कि काउंटर पर नियुक्त स्टाफ सदस्यों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता था। क्यूआर कोड लगाने से यह दुविधा भी अब दूर हो गई है। उन्होंने बताया कि समान्य अस्पताल के अलावा सीएचसी में भी यह सुविधा शुरू की जा रही है।
वहीं दूसरी ओर डॉ अनीता कत्याल ने बताया कि अस्पताल में सैकड़ों मरीज रोजाना उपचार के लिए आते हैं, पैसे खुले नहीं होने के कारण आपातकाल की स्थिति में मरीजों के लिए परेशानी और अधिक बढ़ जाती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। मरीज और उनके साथ आने वाले तीमारदारों के लिए यह बड़ी ही राहत भरी सुविधा है। अब समय की भी बचत होगी। एक तरह से खिड़की पर पर्ची कटवाने के दौरान खुले पैसे नहीं होने के चलते बनने वाली मानसिक परेशानी निश्चित रूप से दूर होगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



