google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना में बालू घाट कर्मी को गोली मारकर हत्या

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के बख्तियारपुर अनुमंडल क्षेत्र में रानीसराय स्थित बालू घाट पर एक कर्मी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान नालंदा जिले के एकंगरसराय थाना क्षेत्र के मदनपुर गांव निवासी सूरज कुमार के रूप में की गई है। सूरज घाट पर मुंशी का काम करता था और बीते दो महीने से यहां कार्यरत था। इस घटना ने स्थानीय प्रशासन और बालू घाट क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि सूरज कुमार रोज की तरह अपने काम पर था और बालू लोडिंग के लिए घाट ऑफिस से निकला था। तभी चैनल के पास, जो घाट से लगभग 200 मीटर की दूरी पर स्थित है, उसे गोली मार दी गई। प्रत्यक्षदर्शी पोकलेन चालक कुंदन कुमार ने बताया कि वह उस समय मशीन चला रहे थे, तभी तेज आवाज सुनाई दी। शुरुआत में उन्हें लगा कि किसी वाहन का टायर फटा है, लेकिन बाद में पता चला कि किसी व्यक्ति को गोली मारी गई है। जब वह मौके पर पहुंचे, तो सूरज ज़मीन पर गिरा हुआ था और तड़प रहा था। सूरज को तुरंत बख्तियारपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। गोली उसके बांह को छूते हुए सीने में लगी थी, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह बालू घाट मुख्यमंत्री के गंगा रिवर फ्रंट प्रोजेक्ट के अंतर्गत आता है और यहां खनन का काम चल रहा है। कुछ स्थानीय तत्वों द्वारा घाट पर कार्यरत कर्मियों से रंगदारी की मांग की जा रही थी। पूर्व में भी इस मुद्दे को लेकर गोलीबारी हो चुकी है। ऐसे में माना जा रहा है कि सूरज की हत्या रंगदारी विवाद का ही हिस्सा हो सकती है। हालांकि, यह भी आशंका जताई जा रही है कि यह घटना बालू खनन मुआवजे से जुड़ी किसी आपसी रंजिश की वजह से भी हो सकती है। मृतक के मौसा बिजेंद्र प्रसाद ने बताया कि सूरज दो महीने पहले ही इस घाट पर मुंशी की नौकरी करने आया था। उसकी पत्नी बिहार पुलिस में कार्यरत हैं। सूरज के चाचा नकुल प्रसाद सिंह ने कहा कि वह करीब 15 दिन पहले ही घर आया था और परिवार के साथ समय बिताया था। इस हत्या ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। बालू घाट पर तैनात अन्य कर्मी इस घटना पर चुप्पी साधे हुए हैं और कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हत्या की असली वजह क्या है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बाढ़ भेज दिया है। एसडीपीओ-2 अभिषेक सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि रानीसराय बालू घाट पर एक कर्मी को अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारने की सूचना मिली थी। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित किया गया। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। पुलिस का कहना है कि यह घटना व्यक्तिगत दुश्मनी है या किसी अन्य कारण से हुई, इसका पता लगाने के लिए गहराई से जांच की जा रही है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)