तीन दिवसीय कार्यक्रम का भाषण प्रतियोगिता के साथ समापन, विद्यार्थियों ने दिया राष्ट्रीय एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश
दैनिक समाज जागरण | महेन्द्र जावला बहल
भिवानी। लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों और राष्ट्र निर्माण के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों की भाषण प्रतियोगिता के साथ हुआ। हनुमान ढाणी स्थित विवेकानंद हाई स्कूल के पटेल सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में कनिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों ने अपने विचारों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। इस दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने एकजुट होकर नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प भी लिया।

कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक संस्था नेताजी सुभाष चंद्र बोस युवा जागृति सेवा समिति एवं सदाचारी शिक्षा समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन, उनके त्याग, राष्ट्रसेवा और देश की एकता में उनके योगदान पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
विद्यालय की निदेशक सावित्री यादव ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एकता के सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। उनके विचार आज भी प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत हैं। वर्तमान समय में उनके आदर्शों को अपनाते हुए समाज को नशामुक्त बनाने और युवाओं को सही दिशा देना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और फिट भारत ही मजबूत भारत का निर्माण कर सकता है।
भारत सरकार से राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता अशोक कुमार भारद्वाज ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के त्याग, समर्पण और राष्ट्रसेवा को देश कभी नहीं भुला सकता। उन्होंने विभिन्न रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। आज की युवा पीढ़ी को राष्ट्रीय एकता के साथ-साथ नशे जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए आगे आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। यदि युवा एकजुट होकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लें तो देश को नई दिशा मिल सकती है। सरदार पटेल की जयंती हमें एकता, साहस, अनुशासन और सेवा का संदेश देती है।
कार्यक्रम के समापन पर सैकड़ों विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता बनाए रखने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रसेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



