58 लाख की लागत से डीएमएफटी फंड से स्थापित हुई मशीनें
दैनिक समाज जागरण, संवाददाता, बिकाश
ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निमडीह परिसर में रविवार को डीएमएफटी फंड से स्थापित अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड एवं एक्सरे मशीन का उद्घाटन स्थानीय विधायक सविता महतो ने विधिवत फीता काटकर किया साथ में जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिता पारित भी उपस्थित रही ।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से अल्ट्रासाउंड और एक्सरे जांच की सुविधा की मांग कर रही थी, जो आज पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि अब ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के लोगों को सामान्य जांच के लिए बाहर के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों दोनों की बचत होगी।
विधायक ने बताया कि करीब 58 लाख रुपए की लागत से जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) फंड के माध्यम से इन मशीनों की स्थापना की गई है। इससे क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा ग्रामीण इलाकों के मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता शिक्षा, स्वास्थ्य एवं बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना है और जनता की हर जायज मांग को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनंत कुमार महतो, चांडिल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एच.एस. शेखर, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सचिन गोप, टिंकू राम महतो, राहुल वर्मा, नीलकमल महतो, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



