google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

सेक्टर-75 के सेंट्रल पार्क में छठ पूजा महोत्सव की तैयारियां तेज, घाट का पुनर्निर्माण पूरा

छठ महापर्व सूर्योपासना, प्रकृति संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक सद्भाव का अनुपम पर्व : डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा**

**नोएडा।** सेक्टर-75 स्थित छठ घाट पार्क (सेंट्रल पार्क) में श्री सूर्यदेव पूजा समिति के तत्वावधान में छठ पूजा महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। छठ घाट का पुनर्निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है, जबकि पार्क और घाट के सौंदर्यीकरण का कार्य जारी है। महोत्सव को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए समिति की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।



श्री सूर्यदेव पूजा समिति के अध्यक्ष डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में निर्णय लिया गया कि छठ घाट पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं को छठी मैया का फल प्रसाद वितरित किया जाएगा। इसके अलावा श्रद्धालुओं और सेक्टरवासियों के लिए भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।

बैठक में समिति के संयोजक ओपी तिवारी, उपाध्यक्ष डॉ. शशांक शेखर, महासचिव राजीव त्यागी, कोषाध्यक्ष प्रभात कुमार, एओए उपाध्यक्ष ब्रजेश शर्मा, कैप्टन राकेश कुमार, ज्ञानेश मिश्रा, विनोद पटेल सहित सेक्टर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

अखिल भारत हिंदू महासभा एवं अखिल भारतीय प्रवासी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने कहा कि छठ महापर्व भारतीय संस्कृति, लोक आस्था और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अद्भुत प्रतीक है। यह पर्व भगवान सूर्यदेव एवं छठी मैया की उपासना के साथ परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्य, अनुशासन, पवित्रता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकता का संदेश देता है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष चार दिवसीय छठ महापर्व 13 से 16 नवंबर 2026 तक श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया जाएगा। पर्व का शुभारंभ 13 नवंबर को नहाय-खाय से होगा। 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य तथा 16 नवंबर को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ महापर्व का समापन होगा। खरना के बाद व्रती 36 घंटे का निर्जला व्रत रखते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि एवं संतान की दीर्घायु की कामना करते हुए सूर्यदेव को अर्घ्य देते हैं।

डॉ. शर्मा ने कहा कि छठ महापर्व की सबसे बड़ी विशेषता इसकी कठोर साधना, शुद्धता, स्वच्छता, सादगी और प्रकृति के प्रति सम्मान की भावना है। इस पर्व में जाति, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर सभी वर्गों के लोग एक साथ पूजा-अर्चना करते हैं। यह भारतीय संस्कृति की सामाजिक समरसता और एकता का अनुपम उदाहरण है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि छठ पूजा के दौरान प्लास्टिक एवं अन्य प्रदूषणकारी वस्तुओं का प्रयोग न करें। पूजा स्थलों, नदियों, तालाबों और जलस्रोतों की स्वच्छता बनाए रखें। उन्होंने कहा कि भगवान सूर्य समस्त संसार को ऊर्जा, प्रकाश और जीवन प्रदान करते हैं। इसलिए सूर्योपासना के साथ जल संरक्षण और पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लेना भी जरूरी है।

डॉ. शर्मा ने बताया कि छठ महापर्व बिहार, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और नेपाल के तराई क्षेत्रों में विशेष श्रद्धा के साथ मनाया जाता है। अब दिल्ली-एनसीआर सहित देश के विभिन्न महानगरों और विदेशों में रहने वाले भारतीय प्रवासी भी इसे पूरी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाते हैं।

अंत में डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने समस्त क्षेत्रवासियों एवं देशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए भगवान सूर्यदेव और छठी मैया से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं आरोग्य की कामना की।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)