क्रिब्स हॉस्पिटल पर अवैध वसूली, फर्जी रिपोर्ट पर ऑपरेशन और अंग तस्करी जैसे गंभीर आरोप लगाया

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
सीमांचल सेवा फाउंडेशन के संस्थापक एवं सामाजिक कार्यकर्ता हसीबुर रहमान ने क्रिब्स हॉस्पिटल किशनगंज के विरुद्ध गंभीर आरोप लगाते हुए जिला पदाधिकारी किशनगंज एवं सिविल सर्जन को लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायत में अस्पताल पर लापरवाही, अवैध वसूली, फर्जी मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर ऑपरेशन हेतु दबाव और अंग तस्करी की आशंका जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मरीज ताहिरा खातून को 21 जुलाई 2025 को उल्टी और सीने में जलन की शिकायत पर क्रिब्स हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था। अस्पताल प्रबंधन ने स्थिति को गंभीर बताते हुए आईसीयू में भर्ती कर परिजनों से तीस हजार रुपए की अग्रिम राशि ली, जिसकी कोई पावती नहीं दी गई। तत्पश्चात अस्पताल के अपने ही अल्ट्रासाउंड सेंटर में जाँच कर अपेंडिक्स की समस्या बताकर चालीस हजार रुपए और जमा कर तत्काल ऑपरेशन का दबाव बनाया गया। परिजनों को अस्पताल की गतिविधियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने मरीज को डिस्चार्ज कर अन्य संस्थानों में उपचार कराया, जहाँ मरीज की स्थिति सामान्य पाई गई। अन्य सोनोग्राफी रिपोर्टों में भी किसी गंभीर समस्या की पुष्टि नहीं हुई। इससे यह स्पष्ट होता है कि क्रिब्स हॉस्पिटल ने फर्जी रिपोर्ट के आधार पर अवैध राशि वसूलने और संभवतः अंग तस्करी जैसे संगीन अपराध की मंशा से कार्य किया। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि क्रिब्स हॉस्पिटल में पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएँ नहीं हैं। वहाँ रेडियोलॉजिस्ट एवं पैथोलॉजिस्ट डॉक्टर तक उपलब्ध नहीं हैं और अप्रशिक्षित स्टाफ द्वारा मरीजों का उपचार किया जा रहा है, जिससे लगातार मरीजों के जीवन के साथ खिलवाड़ हो रहा है। हसीबुर रहमान ने मांग की है कि क्रिब्स हॉस्पिटल के क्रियाकलापों की उच्चस्तरीय जाँच कराई जाए, दोषियों पर एफआईआर दर्ज की जाए, और अस्पताल का पंजीकरण रद्द करते हुए तत्क्षण हॉस्पिटल को सील किया जाए।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)