समाज जागरण/ मनोज कुमार चौबे
सोनभद्र। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद सोनभद्र में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ द्वारा गौ सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी ने रॉबर्ट्सगंज नगर पालिका परिषद स्थित गौ संरक्षण केंद्र पहुंचकर गौ माता की पूजा-अर्चना की तथा गौ माता को गुड़ एवं केले खिलाए। इस दौरान उन्होंने गौ संरक्षण केंद्र की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने गौ संरक्षण केंद्र में उपलब्ध चारा, राशन एवं पोषण सामग्री की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान आवश्यक सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध पाई गई। व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को गौ आश्रय स्थलों में साफ-सफाई, चारा, पानी एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि गौवंश का संरक्षण एवं संवर्धन प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी क्रम में जनपद में गौ आश्रय स्थलों का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही जनपद में अन्य गौ आश्रय स्थल भी तैयार हो जाएंगे। जिन गौ आश्रय स्थलों में पशुओं की संख्या अधिक है, वहां से गौवंश को आवश्यकता के अनुसार अन्य गौ आश्रय स्थलों में स्थानांतरित किया जाएगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निराश्रित एवं छुट्टा घूमने वाले पशुओं को अभियान चलाकर पकड़ते हुए गौ आश्रय स्थलों में संरक्षित किया जाए, जिससे पशुओं के कारण किसानों को होने वाली परेशानी को भी कम किया जा सके।
जिलाधिकारी ने गौ संरक्षण केंद्र परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गौ आश्रय स्थलों में पशुओं के लिए पर्याप्त चारा, पानी एवं पोषण की व्यवस्था निरंतर सुनिश्चित की जाए तथा उनकी देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार मिश्र, अपर जिला सूचना अधिकारी श्री विनय कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



