google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

*शहडोल में ‘लेडी डॉन’ का कहर! पड़ोसन को घर बुलाकर हाथ-पैर बांधे, फिर बच्चों के साथ मिलकर बेरहमी से पीटा*


शहडोल। जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत बराछ गांव में सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपनी पड़ोसन को बहाने से घर के अंदर बुलाकर बंधक बना लिया और हाथ-पैर बांधकर उसकी बेरहमी से पिटाई की। मारपीट करने वाली महिला को इलाके में लोग ‘लेडी डॉन’ के नाम से जानते हैं। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



*बहाने से बुलाया और बना लिया बंधक-:*
पुलिस के अनुसार, 28 वर्षीय किरण तिवारी (पति देवेंद्र तिवारी) अपने घर के बाहर टहल रही थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली ललिता कहार ने उसे किसी काम के बहाने अपने घर बुलाया। जैसे ही किरण घर के अंदर दाखिल हुई, ललिता ने मुख्य दरवाजा बंद कर दिया। आरोप है कि ललिता ने किरण के हाथ-पैर बांध दिए और अपने पुत्र व पुत्री के साथ मिलकर उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी।

*पुरानी रंजिश और परिजनों से अभद्रता-:*
पीड़िता किरण तिवारी ने बताया कि उसका ललिता से कोई प्रत्यक्ष विवाद नहीं था, लेकिन पुराने पारिवारिक मतभेदों को लेकर आरोपी महिला रंजिश रखती थी। पिटाई के दौरान किरण की चीख-पुकार सुनकर जब उसके परिजन बचाने पहुंचे, तो आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्रता की और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया।

*पुलिस ने हाथ-पैर बंधे हुए पाया-:*
परिजनों की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो किरण तिवारी कमरे के भीतर हाथ-पैर बंधी हुई हालत में मिली। वह मदद के लिए गुहार लगा रही थी। पीड़ित ने बताया कि ललिता कहार का गांव में काफी खौफ है और उसके खिलाफ पहले भी मारपीट के कई मामले दर्ज हैं।

*मोबाइल और सोने के जेवर लूटे-:*
मारपीट के अलावा पीड़िता ने आरोप लगाया कि ललिता ने उसका मोबाइल फोन और सोने के कान के झुमके भी छीन लिए हैं। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी महिला सामान वापस करने की बात स्वीकार कर रही है, लेकिन अब तक उसने मोबाइल और जेवर नहीं लौटाए हैं।

*पुलिस की कार्रवाई-:*
उपनिरीक्षक मोहन पड़वार ने बताया कि किरण तिवारी की शिकायत पर ललिता कहार और अन्य के खिलाफ बंधक बनाकर मारपीट करने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है और आश्वासन दिया है कि आरोपी महिला के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)