शहडोल/ब्यौहारी। एक ओर जहां प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आगमन को लेकर पूरा जिला प्रशासन पलक-पावड़े बिछाए खड़ा है, वहीं दूसरी ओर रेत के अवैध कारोबार ने जिले की धरती को एक बार फिर निर्दोष के खून से लाल कर दिया है। शनिवार रात ब्यौहारी थाना क्षेत्र के ग्राम कोठिया के पास रेत से लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने एक शासकीय शिक्षक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
छुट्टी के बाद घर लौट रहे थे शिक्षक
मृतक की पहचान अजय सिंह (52 वर्ष), निवासी रामनगर के रूप में हुई है। वे माध्यमिक विद्यालय बसही में शिक्षक के पद पर पदस्थ थे। मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 8 बजे जब वे ग्राम कोठिया के पास सड़क पार कर रहे थे, तभी मानपुर की ओर से आ रहे रेत से लदे ट्रक ने उन्हें बेरहमी से कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि शिक्षक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद चालक फरार, ट्रक जब्त
घटना को अंजाम देने के बाद चालक ट्रक लेकर भागने की फिराक में था, लेकिन कुछ दूरी पर ट्रक छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गया। ब्यौहारी पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। थाना प्रभारी जिया उल हक के अनुसार, मर्ग कायम कर चालक की तलाश की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि ट्रक में लदी रेत वैध थी या अवैध।
बड़ा सवाल: जब खदानें बंद, तो कहाँ से आ रही रेत?
इस घटना ने जिले में चल रहे रेत के खेल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय सूत्रों और समाजसेवी संगठनों का आरोप है कि शहडोल जिले में वर्तमान में कोई भी रेत खदान अधिकृत रूप से संचालित नहीं है, फिर भी रात के अंधेरे में सैकड़ों ट्रक रेत लेकर सड़कों पर मौत बनकर दौड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान इस तरह की घटना प्रशासन की चौकसी और अवैध उत्खनन पर दावों की पोल खोलती नजर आ रही है।
शिक्षा जगत में शोक की लहर
एक समर्पित शिक्षक की इस तरह अचानक मौत से शिक्षा विभाग और स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश और शोक व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि अवैध परिवहन और तेज रफ्तार पर लगाम नहीं कसी गई, तो ऐसी घटनाएं रुकने वाली नहीं हैं।
पत्रकार की कलम से: “मुख्यमंत्री जी के आगमन की तैयारियों के बीच एक शिक्षक की अर्थी उठना व्यवस्था पर करारा तमाचा है। क्या प्रशासन उन रसूखदारों पर कार्यवाही करेगा जिनकी शह पर ये ‘यमराज’ रूपी ट्रक सड़कों पर दौड़ रहे हैं?”
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



