दस कंपनियां ले रही भाग, विदेशी व्यापारियों को पसंद आ रहे उत्पाद; कैराना की मिठाइयों की भी खूब बिक्री
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में चल रहे उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में शामली की कंपनियों और पारंपरिक उत्पादों को अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। जनपद से दस कंपनियां मेले में भाग ले रही हैं। इनमें दस वर्ष से अधिक समय से निर्यात कर रही करियर व्हील्स प्राइवेट लिमिटेड भी शामिल है। कंपनियों के उत्पादों में विदेशी व्यापारियों की रुचि दिखाई दे रही है। वहीं कैराना की मिठाइयों की खुदरा बिक्री भी लगातार बढ़ रही है।
लक्ष्य शत-प्रतिशत पूरा
मेले में शामली से करियर व्हील्स प्राइवेट लिमिटेड, अमर स्प्लिंट्स प्राइवेट लिमिटेड, बेजरिका प्राइवेट लिमिटेड, कैरा डाइम हेल्थ केयर एलएलपी, आरव एग्रो फूड्स, श्री आयुर्वेदिक संस्थान और अंकित हैंडलूम सहित अन्य इकाइयां शामिल हैं। ‘एक जनपद, एक व्यंजन’ के अंतर्गत साधु स्वीट्स और अग्रवाल स्वीट्स के स्टाल भी लगाए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार शामली ने मेले के लिए निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा किया है।
पलंग तोड़ पेड़ा और बर्फी बनी पसंद
साधु स्वीट्स के संचालक राकेश गर्ग ने बताया कि मेले के पहले दिन से ही उनके स्टाल पर ग्राहकों की भीड़ बनी हुई है। विभिन्न मिठाइयों के बीच पलंग तोड़ बर्फी और पलंग तोड़ पेड़ा लोगों की विशेष पसंद बने हुए हैं।
उन्होंने बताया कि व्यापार मेले के माध्यम से शामली की पारंपरिक मिठाइयों का स्वाद विदेशी मेहमानों तक भी पहुंच रहा है। हाल नंबर 17 में ठहरे वियतनाम, रूस, बेलारूस और ऑस्ट्रिया के व्यापारियों ने भी भारतीय मिठाइयों और अन्य उत्पादों में रुचि दिखाई है।
मेले में शामली की कंपनियों को मिले अवसर से स्थानीय उत्पादों को नए बाजारों तक पहुंचने और विदेशी व्यापारियों से सीधे जुड़ने का मंच मिला है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.






