अनूपपुर। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अनूपपुर जिले में नई संगठनात्मक नियुक्तियों की घोषणा की है। पार्टी नेतृत्व द्वारा जिले के दो प्रमुख नगरों में नए नगर अध्यक्षों की नियुक्ति कर संगठन विस्तार अभियान को गति प्रदान की गई है।
जिला अध्यक्ष राजेश महाराणा ने प्रदेश प्रमुख सुनील शर्मा एवं शहडोल संभाग प्रमुख पवन पटेल की सहमति से अनूपपुर नगर अध्यक्ष पद पर दुर्गेश राठौर तथा जैतहरी नगर अध्यक्ष पद पर केशव यादव की नियुक्ति की घोषणा की है। इन नियुक्तियों के बाद शिवसेना कार्यकर्ताओं में उत्साह और हर्ष का वातावरण देखा जा रहा है।
पार्टी नेतृत्व ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि दोनों संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे तथा धर्म, समाज और राष्ट्रहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। जिला अध्यक्ष राजेश महाराणा ने कहा कि संगठन का उद्देश्य प्रत्येक नगर एवं वार्ड स्तर तक अपनी मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य के तहत समर्पित एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
नवनियुक्त अनूपपुर नगर अध्यक्ष दुर्गेश राठौर एवं जैतहरी नगर अध्यक्ष केशव यादव ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत बनाने, युवाओं को जोड़ने तथा जनहित के मुद्दों पर प्रभावी कार्य करने का संकल्प लिया। जिले में हुई इन नियुक्तियों को संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जिससे आगामी समय में शिवसेना की गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



