google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना के शाहपुर में दो सगे भाइयों की हत्या के बाद पसरा सन्नाटा

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के संपतचक थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहपुर गांव में रविवार की रात रिसेप्शन समारोह में दो सगे भाइयों की निर्मम हत्या के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल कायम है। घटनास्थल पर बिखरी भोज्य सामग्री, उलटे पड़े बर्तन और अधूरी पड़ी थालियां बीती रात की भयावहता को बयां कर रही हैं। जिस स्थान पर मेहमानों के स्वागत और जश्न की तैयारी थी, वहीं अब खून के छींटे और सन्नाटा पसरा है। मृतक मनीष राय और मनजीत राय के घर पर रिश्तेदारों का लगातार आना-जाना लगा हुआ है। महिलाओं के करुण क्रंदन से पूरा इलाका गूंज रहा है। आसपास के घरों के लोग भी शोक संतप्त परिवार के दरवाजे पर जुटे हैं। लोगों को दोनों भाइयों के शव के गांव पहुंचने का इंतजार है। फिलहाल दोनों का पोस्टमार्टम पटना एनएमसीएच में कराया जा रहा है।


ग्रामीण दहशत में हैं और खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। उनके चेहरों पर बीती रात चली गोलियों और दो युवकों की हत्या का खौफ साफ देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि हत्या करने वाले लोग मृतकों के पड़ोसी और पाटीदार ही हैं। यही कारण है कि गांव के लोग खुलकर बयान देने से परहेज कर रहे हैं। घटनास्थल पर अब भी रिसेप्शन समारोह के लिए बनाई गई व्यवस्था अस्त-व्यस्त हालत में पड़ी है। कहीं पत्तल और गिलास बिखरे हैं तो कहीं आधा खाया भोजन पड़ा हुआ है। यह दृश्य उस अचानक हुई हिंसक वारदात की कहानी खुद बयां कर रहा है।

इलाके में पुलिस की गाड़ियां लगातार गश्त कर रही हैं। एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी प्रकार की अनहोनी न हो। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपियों की पहचान कर ली गई है। जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी। ज्ञात हो कि शाहपुर गांव में दौलत राय के पुत्र विक्की की रिसेप्शन पार्टी आयोजित थी। उसी दौरान पड़ोस के ही दो भाई मनीष और मनजीत समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इसी बीच पाटीदारों के बीच पुराने विवाद को लेकर पहुंचे हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दोनों भाइयों को मौत के घाट उतार दिया था। घटना के बाद से शाहपुर गांव में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही सभी नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)