मनोज कुमार रोहतास ब्यूरो,दैनिक समाज जागरण
भाई के लंबी उम्र की कामना हर बहनों के मन व दिलों में सदियों से रही है। भाई के लंबी आयु की कामना का पर्व भाई दूज रविवार को अनुमंडल क्षेत्र में बहनों ने पूरे विधि-विधान व धार्मिक अनुष्ठान के साथ मनाया। भाई-बहन के अटूट प्रेम को सूत्र में पिरोते इस त्योहार को जितना उत्साह बहनों में दिखा उतने ही भाई भी उत्साहित दिखे।
भाइयों ने भी अपनी बहनों को स्नेह स्वरूप उपहार दिए। व्रत के एक दिन पूर्व बाजार में महिलाओं और युवतियों ने जमकर खरीदारी की। भैया दूज के मौके पर बड़ी संख्या में बहनें अपने भाइयों के घर पहुंची। उन्होंने जजघर में भगवान धर्मराज को तिलक लगाकर उन्हें अनाज चढ़ाया। मंदिरों में इस मौके पर सुबह से ही पूजा-अर्चना के लिए तांता लगा रहा।
रविवार अहले सुबह से ही भैया दूज की तैयारी शुरू हो गई थी। पर्व को लेकर बहनें सामाग्री जुटाने में व्यस्त रही तो वहीं भाई पूरी तैयारी में जुटे रहे। शुभ समय के साथ बहनें अपने घर के आंगन में पर्व की सामाग्री के साथ बैठी और पूजा में जुट गई। इस दौरान बहनों ने सर्वप्रथम डंडे व मूसल से चना,गड़ी व रंगीली कांटा को कूटा,तत्पश्चात बहनों ने डंडे व मूसल से चना-गड़ी का प्रसाद तैयार कर भाइयों को खिलाया और भाई के लंबी आयु के लिए रंगीली कांटा अपने-अपने जीभ में चुभोया। इस दौरान पर्व से जुड़े पारंपरिक गीत भी बहनों की ओर से गाए जा रहे थे। पूजा के क्रम में महिलाओं व युवतियों ने पारंपरिक गीत के बीच भाइयों के लिए भईया दूज का पर्व मनाकर पूजा के दौरान फूल के माला को भाइयों के गलों में पहनाया।
जानकारों के मुताबिक मान्यता है कि माला भाइयों के गलों में पहनाने से हर भाई की उम्र लंबी होती है,जो बहनाें ने पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न किया। इस दौरान यम-यमिनी की भी पूजा की गई। लड़कियों के साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी इस पर्व में शिरकत की। अनुमंडल मुख्यालय के अलावा विभिन्न प्रखंड क्षेत्रों में भैया दूज पर्व धूमधाम से मनाई गई। जहां बहनों ने अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी आयु की कामना की तो भाइयों ने भी उनकी सुरक्षा करने का संकल्प लेते हुए उपहार भेंट किया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



