टेऊसा पंचायत में खुलेआम जुट रहे नशेड़ी, ग्रामीणों में दहशत और आक्रोश
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
किशनगंज शहर के विधायक आवासीय क्षेत्र से सटे टेऊसा पंचायत में स्मैक और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके के कई स्थानों पर खुलेआम नशेड़ियों का जमावड़ा लग रहा है, जिससे युवाओं का भविष्य अंधकार की ओर बढ़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि स्थिति इतनी चिंताजनक हो चुकी है कि अहले सुबह से ही कई जगहों पर नशेड़ियों और संदिग्ध लोगों की भीड़ जुटने लगती है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दिन-रात इलाके में संदिग्ध युवकों की आवाजाही बनी रहती है। कई युवक खुलेआम स्मैक का सेवन करते देखे जा रहे हैं। इससे अभिभावकों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में बड़ी संख्या में नए युवक नशे की लत का शिकार हुए हैं, जिससे परिवारों की चिंता लगातार बढ़ रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि 29 अप्रैल को चाय बागान क्षेत्र से चार कथित स्मैक तस्करों की गिरफ्तारी हुई थी, लेकिन इसके बावजूद नशे का कारोबार थमने के बजाय लगातार फैलता जा रहा है। अब नरसिंह धागा फार्म क्षेत्र को भी स्मैकियों का नया अड्डा बताया जा रहा है। ग्रामीणों द्वारा उपलब्ध कराए गए वीडियो और तस्वीरें इलाके में चल रही गतिविधियों की गंभीरता को दर्शा रहे हैं।
सीमावर्ती क्षेत्र का उठा रहे फायदा
ग्रामीणों का आरोप है कि बंगाल सीमा से सटे होने का फायदा उठाकर तस्कर आसानी से स्मैक और अन्य नशीले पदार्थ इलाके तक पहुंचा रहे हैं। लोगों का कहना है कि कई युवा अब नशे के कारोबार से भी जुड़ चुके हैं, जिससे पूरे समाज पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।
महिलाओं और बच्चों में बढ़ी असुरक्षा
स्थानीय लोगों का कहना है कि नशेड़ियों की बढ़ती गतिविधियों से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर भी खतरा मंडराने लगा है। शाम होते ही कई स्थानों पर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस से लगातार गश्त, विशेष छापेमारी अभियान तथा नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्ती नहीं हुई तो आने वाले दिनों में हालात और भयावह हो सकते हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार, स्मैक जैसे नशीले पदार्थ युवाओं के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करते हैं तथा कई घातक बीमारियों का खतरा भी बढ़ाते हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले पर नजर रखी जा रही है और जल्द ही विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में विधायक कमरुल हुडा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक से इसकी शिकायत की गई है तथा प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की गई है।



