google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

सोनभद्र: दुर्गम क्षेत्र के ग्रामीणों ने उठाई भौमिक अधिकार की आवाज, कनछ गांव में मूल निवासी अधिकार मंच की बैठक

433 गांवों में गवर्नमेंट ग्रांट एक्ट वर्ग 1-ख की भूमि पर संक्रमणीय भूमिधर अधिकार देने की मांग, ग्रामीणों ने साझा कीं समस्याएं

समाज जागरण/ मनोज कुमार चौबे

चोपन (सोनभद्र)। परगना अगोरी, दुद्धी और सिंगरौली के 433 गांवों में गवर्नमेंट ग्रांट एक्ट वर्ग 1-ख की भूमि पर संक्रमणीय भूमिधर अधिकार दिए जाने की मांग तेज होने लगी है। इसी मुद्दे को लेकर मूल निवासी अधिकार मंच की ओर से रविवार को चोपन ब्लॉक के कनछ गांव में बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्गम और दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों ने भूमि अधिकारों सहित अपनी विभिन्न समस्याओं को उठाया।

बैठक में ग्रामीणों ने कहा कि गवर्नमेंट ग्रांट एक्ट वर्ग 1-ख की भूमि पर भौमिक अधिकार से जुड़े मामलों के कारण उन्हें लंबे समय से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। भूमि अभिलेखों से संबंधित जटिलताओं के चलते सरकारी प्रक्रियाओं और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ लेने में भी परेशानी होती है। ग्रामीणों ने मांग की कि उनकी भूमि से जुड़ी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए अधिकारों के संबंध में उचित कार्रवाई की जाए।

भूमि अधिकारों के लिए अभियान जारी रखने की बात

मूल निवासी अधिकार मंच के संयोजक धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि अगोरी, दुद्धी और सिंगरौली क्षेत्र के गांवों में भूमि अधिकार से जुड़े मुद्दों को लेकर अभियान जारी रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपने भूमि संबंधी अभिलेखों और समस्याओं का विवरण मंच को उपलब्ध कराने की अपील की, ताकि इन मामलों को व्यवस्थित रूप से संबंधित स्तर पर उठाया जा सके।

बैठक की अध्यक्षता राम बदन गोड़ ने की, जबकि संचालन पूर्व ग्राम प्रधान महेश जायसवाल ने किया। इस दौरान अशोक मौर्या, शिवलाल, गजानंद गुप्ता, योगेंद्र चंद्रवंशी, रामेश्वर, गोवर्धन और मोतीलाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)