google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

खेत में घोड़ा बांधने को लेकर खूनी संघर्ष, लाठी-डंडे व कुल्हाड़ी से हमला, दो घायल

समाज जागरण | अकबर अली
सोनभद्र, 30 जुलाई। सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र के कोंगा गांव में गुरुवार सुबह खेत में घोड़ा बांधने और पुरानी जमीनी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई, जिसमें लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला किए जाने से दोनों पक्षों के दो लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बभनी में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे खेत में घोड़ा बांधने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि विवाद बढ़ने के साथ पुरानी जमीनी रंजिश भी सामने आ गई और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

आरोप है कि एक पक्ष के प्रेमचंद, नंदू, दिनेश और शोभनाथ ने लाठी-डंडों एवं कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे बृजेश्वर (55 वर्ष), पुत्र बलवीर, निवासी कोंगा गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष से नंदू भी मारपीट में घायल हुआ।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक डी.पी. यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, घायलों को उपचार के लिए सीएचसी बभनी भेजा तथा दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी।

प्रभारी निरीक्षक डी.पी. यादव ने बताया कि खेत में घोड़ा बांधने और पुराने जमीनी विवाद को लेकर मारपीट की सूचना मिली थी। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर प्राप्त होने के बाद साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

नोट: समाचार में जिन व्यक्तियों पर हमला करने का आरोप लगाया गया है, वे आरोप पुलिस जांच के अधीन हैं। मामले में अंतिम निष्कर्ष जांच और कानूनी प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)