google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

‘दृष्टि’ की बैठक में विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा, पात्र परिवारों तक पहुंचाएं मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ

संपर्क मार्ग और विद्युतीकरण कार्यों की तकनीकी जांच के निर्देश, मेडिकल स्टोरों पर नारकोटिक दवाओं की अनधिकृत बिक्री रोकने के लिए नियमित निरीक्षण पर जोर

समाज जागरण/ब्यूरो चीफ विजय कुमार अग्रहरी

सोनभद्र। जनपद में संचालित विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के उद्देश्य से शनिवार को विकास भवन में जिला स्तरीय विकास कार्य अनुश्रवण समिति ‘दृष्टि’ की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मा. राज्य मंत्री समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग संजीव कुमार गोड़ ने की। इस दौरान विधानमंडल क्षेत्र विकास निधि सहित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई।

राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं और निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की सार्थकता तभी है, जब उनका लाभ आमजन को समय पर मिले और निर्माण कार्य लंबे समय तक उपयोगी बने रहें। इसके लिए निर्धारित मानकों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण करने और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए। राज्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि बैठक में दिए गए निर्देश केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उनका प्रभाव धरातल पर दिखाई देना चाहिए। निर्देशों के अनुपालन और विकास कार्यों की प्रगति की अगली बैठक में पुनः समीक्षा की जाएगी।

पात्र परिवारों को मिले मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ

मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की समीक्षा के दौरान राज्य मंत्री ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवास योजना के लिए पात्र परिवारों का नियमानुसार और पूरी पारदर्शिता के साथ चयन किया जाए।

उन्होंने कहा कि पात्रता की जांच गंभीरता से की जाए, ताकि कोई भी पात्र परिवार आवास की सुविधा से वंचित न रहने पाए। योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और पात्रता के मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।

संपर्क मार्ग और विद्युतीकरण कार्यों की होगी तकनीकी जांच

जनपद में कराए जा रहे संपर्क मार्गों और विद्युतीकरण कार्यों की समीक्षा के दौरान राज्य मंत्री ने गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारी और कार्यदायी संस्थाएं नियमित स्थलीय निरीक्षण करें तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही कार्य कराएं।

राज्य मंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि विकास एवं निर्माण कार्य प्रारंभ होने से पहले उनका शिलान्यास और कार्य पूर्ण होने के बाद लोकार्पण संबंधित जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाए।

मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच के निर्देश

बैठक में औषधि विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई। राज्य मंत्री ने मेडिकल स्टोरों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश देते हुए कहा कि बिना वैध पंजीकरण और निर्धारित प्रावधानों के नारकोटिक एवं नियंत्रित श्रेणी की औषधियों की बिक्री किसी भी स्थिति में नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने मेडिकल स्टोरों के निरीक्षण के दौरान औषधियों के क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेखों और निर्धारित मानकों की भी जांच करने को कहा। नियमों का उल्लंघन अथवा अनधिकृत बिक्री पाए जाने पर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

राज्य मंत्री ने कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन से लेकर जनहित से जुड़े विषयों तक सभी संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें। शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ आमजन तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में मा. विधायक राबर्ट्सगंज, मा. विधायक घोरावल के प्रतिनिधिगण, प्रमुखगण, खंड विकास अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि, परियोजना निदेशक, उपायुक्त श्रम रोजगार, जिला विकास अधिकारी, समिति में नामित विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि, ग्राम प्रधानगण सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)