एफसीआई में असिस्टेंट की नौकरी दिलाने का देता था झांसा, फर्जी प्रवेश पत्र और नियुक्ति पत्र बनाकर लोगों को ठगने का आरोप
समाज जागरण / ब्यूरो चीफ विजय कुमार अग्रहरी
सोनभद्र। भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) और रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में रायपुर पुलिस ने एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी खुद को रेलवे के डीआरएम कार्यालय का कर्मचारी बताकर बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देता था। अब तक उत्तर प्रदेश में 7 से 8 लोगों से करीब 55 लाख रुपये की ठगी किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) त्रिभुवन उपाध्याय एवं क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रायपुर विजय कुमार चौरसिया की टीम ने आरोपी मनोज कुमार पाण्डेय पुत्र वीरेन्द्र बहादुर पाण्डेय निवासी ग्राम रायपुर, थाना रायपुर, जनपद सोनभद्र को 27 नवंबर 2026 को सुबह करीब 7:40 बजे गिरफ्तार किया।
एफसीआई में नौकरी के नाम पर 8.14 लाख रुपये लेने का आरोप
पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर को दयानंद शर्मा निवासी ग्राम सिरवनियां, पोस्ट कंचनपुर, जनपद देवरिया ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि मनोज कुमार पाण्डेय और उसके सहयोगियों ने भारतीय खाद्य निगम में असिस्टेंट (एजी-III) के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया।
इसके एवज में कुल 10 लाख रुपये की मांग की गई थी। पीड़ित से अलग-अलग किस्तों में नकद और बैंक खाते के माध्यम से 8 लाख 14 हजार रुपये वसूल लिए गए।
इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से फर्जी दस्तावेज बनाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, रकम लेने के बाद आरोपियों ने इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की मदद से कथित तौर पर फर्जी प्रवेश पत्र और नियुक्ति पत्र तैयार कर पीड़ित को सौंप दिए। दस्तावेजों के फर्जी होने का संदेह होने पर पीड़ित ने शेष दो लाख रुपये देने से इनकार कर दिया और अपनी रकम वापस मांगी।
आरोप है कि इस पर पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
राजस्थान, बिहार और यूपी के लोगों को बनाता था निशाना
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी थाना रायपुर का हिस्ट्रीशीटर है, जिसका हिस्ट्रीशीट नंबर 36ए बताया गया है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ गुंडा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंधित मामले भी दर्ज हैं।
आरोपी कथित तौर पर खुद को रेलवे के डीआरएम कार्यालय का कर्मचारी बताकर राजस्थान, बिहार और उत्तर प्रदेश के देवरिया, सोनभद्र, रॉबर्ट्सगंज सहित विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को रेलवे और भारतीय खाद्य निगम में नौकरी दिलाने का झांसा देता था।
पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश में अब तक 7 से 8 लोगों से करीब 55 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की जानकारी मिली है। मामले में अन्य पीड़ितों और सहयोगियों के संबंध में भी जांच की जा रही है।
मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन (आईफोन) और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को रुपये देने से पहले संबंधित विभाग की आधिकारिक भर्ती प्रक्रिया और दस्तावेजों की जांच अवश्य करें।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.