दैनिक समाज जागरण
सोनभद्र। जनपद की पुलिस ने साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को तकनीकी माध्यम से न्याय दिलाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने CEIR पोर्टल की मदद से तकनीकी ट्रेसिंग के माध्यम से कुल 101 एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 11 लाख रुपये है। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सर्विलांस सेल, एसओजी टीम और जनपद के सभी थानों की संयुक्त टीमों ने यह कार्रवाई की। बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद 2 नवंबर 2025 को उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द कर दिए गए। मोबाइल फोन वापस मिलने पर नागरिकों ने पुलिस टीम की प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने इस सराहनीय कार्य के लिए संबंधित पुलिस टीमों की प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के दूरसंचार मंत्रालय द्वारा विकसित CEIR पोर्टल पूरे देश में लागू है। सोनभद्र में इस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर ये मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। अभिषेक वर्मा ने जनता से CEIR पोर्टल पर अधिक से अधिक शिकायतें दर्ज करने की अपील की। उन्होंने जागरूकता बढ़ाने पर जोर देते हुए बताया कि सभी थानों और चौकियों पर CEIR पोर्टल के पोस्टर लगाए गए हैं, ताकि लोग आसानी से शिकायत दर्ज कर सकें। बरामद किए गए फोनों में कुछ चोरी के थे, जबकि कुछ गुम हो गए थे। चोरी के मामलों में अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए भी कार्रवाई की जा रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



