तेजस्वी संगठन न्यास ने मुख्यमंत्री व जिलाधिकारी से की शिकायत
ब्यूरो चीफ/ समाज जागरण
सोनभद्र। तेजस्वी संगठन न्यास ने करमा विकासखंड के राजकीय बीज गोदाम प्रभारी रामेश्वर सिंह के खिलाफ गंभीर अनियमितताओं की शिकायत मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश, जिलाधिकारी सोनभद्र एवं उप कृषि निदेशक से की है।
संगठन ने बताया कि संबंधित कर्मचारी का स्थानांतरण करमा से विकासखंड बभनी (कोरची न्याय पंचायत) में किया जा चुका है, फिर भी वह अब तक अपने पद से रिलीव नहीं हुआ है। आदेश के बावजूद कुर्सी पर बने रहने को लेकर विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीण किसानों द्वारा लगाए गए आरोपों के अनुसार, उक्त कर्मचारी पर बीज वितरण में अनियमितता, किसानों से निर्धारित मूल्य से अधिक धनराशि वसूलना, मनचाहे व्यापारियों को बीज बिक्री, निःशुल्क बीज को भी बिक्री के रूप में दिखाना, जैसे कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। किसानों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और संगठनों द्वारा कई बार शिकायतें करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई है।
तेजस्वी संगठन न्यास के प्रतिनिधियों ने बताया कि मामले की शिकायत IGRS पोर्टल के माध्यम से मुख्यमंत्री कार्यालय, जिला अधिकारी सोनभद्र, उप कृषि निदेशक एवं कृषि विभाग के प्रमुख सचिव को भी भेजी गई है। संगठन ने मांग की है कि मामले की उच्च स्तरीय जांच कर तत्काल प्रभाव से भ्रष्ट कर्मचारी को पदमुक्त कर विभागीय कार्रवाई की जाए।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



