google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

परसाटोला-मचबन्धवां मार्ग की पटरियां जगह-जगह ध्वस्त, विभाग बेखबर

बारिश से सड़क की पटरियां बहीं, मरम्मत न होने से हादसे का खतरा; ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से कार्रवाई की मांग की

समाज जागरण/मनोज कुमार चौबे

सोनभद्र। बभनी क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण परसाटोला से मचबन्धवां मार्ग की पटरियां जगह-जगह बहकर ध्वस्त हो गई हैं। सड़क की पटरियों के क्षतिग्रस्त होने के बावजूद संबंधित विभाग की ओर से अब तक समुचित मरम्मत नहीं कराए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पटरियों की मरम्मत नहीं कराई गई तो बारिश के कारण सड़क भी क्षतिग्रस्त हो सकती है।

परसाटोला-मचबन्धवां मार्ग पर कई स्थानों पर बारिश के पानी के तेज बहाव से सड़क की पटरी कटकर बह गई है। ग्रामीणों के अनुसार, क्षतिग्रस्त हिस्सों की स्थायी मरम्मत कराने के बजाय कुछ स्थानों पर मिट्टी डालकर ऊंचा करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे सड़क का किनारा कमजोर बना हुआ है और कई जगह सड़क धंसने की स्थिति में पहुंच गई है।

इसी तरह चौना-सागोबांध मार्ग पर भी कई स्थानों पर सड़क की पटरियां बारिश के पानी में बह गई हैं। क्षतिग्रस्त स्थानों पर बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आने के कारण सड़क की स्थिति दूर से स्पष्ट दिखाई नहीं देती। इससे वाहन चालकों को विशेष रूप से परेशानी और दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

ग्रामीणों का आरोप है कि क्षतिग्रस्त पटरियों की अब तक मरम्मत नहीं कराई गई है और न ही संवेदनशील स्थानों पर किसी प्रकार का सुरक्षा घेरा या चेतावनी संकेत लगाए गए हैं। ऐसे में यदि बारिश का सिलसिला जारी रहा और सड़क की पटरियों की तत्काल मरम्मत नहीं की गई तो सड़क का बड़ा हिस्सा भी बह सकता है और गंभीर हादसा हो सकता है।

क्षेत्र के ग्रामीण गोरेलाल, अर्जुन गुप्ता, दिनेश कुमार, रतनलाल, श्याम मुरारी, संजय कुमार और अवधेश कुमार ने जिलाधिकारी का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए क्षतिग्रस्त सड़कों और पटरियों का निरीक्षण कराकर तत्काल मरम्मत कराने तथा सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए जाने की मांग की है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)