समाज जागरण/ अवधेश कुमार गुप्ता
सोनभद्र। आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले ‘हर घर तिरंगा अभियान’ की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनभागीदारी के साथ इस अभियान को उत्सव के रूप में मनाते हुए प्रत्येक घर तक समयबद्ध ढंग से राष्ट्रीय ध्वज पहुंचाया जाए। जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे राष्ट्रीय ध्वजों की गुणवत्ता पर विशेष बल दिया।
उन्होंने कहा कि ये ध्वज भारतीय ध्वज संहिता के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण होने चाहिए। साथ ही, स्वतंत्रता दिवस से पूर्व जिले के प्रत्येक घर पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराया जा सके, इसके लिए तिरंगों का समय पर वितरण सुनिश्चित किया जाए। चर्चित गौड़ ने ग्राम पंचायतों, विकास खंडों और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित तिरंगों के भुगतान और वितरण की प्रक्रिया को भी पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और नागरिक कर्तव्य की भावना को मजबूत करने वाला एक जनआंदोलन है। उन्होंने सभी अधिकारियों से पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ इस अभियान को सफल बनाने की अपील की।
बैठक में ध्वज संहिता के पालन पर भी विशेष बल दिया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि तिरंगा हमेशा सम्मान के साथ फहराया जाए, उसका केसरिया रंग ऊपर रहे तथा ध्वज जमीन या पानी को न छुए। उन्होंने यह भी कहा कि फटा, गंदा या क्षतिग्रस्त तिरंगा प्रयोग न किया जाए और उस पर किसी प्रकार का लेखन या चित्र न बनाया जाए। राष्ट्रध्वज के सम्मान से जुड़े सभी नियमों का पालन करते हुए स्वतंत्रता दिवस को गरिमा और उत्साह के साथ मनाने के निर्देश दिए गए।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



