google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

सोनभद्र: 11,567 वाहन स्वामियों पर 89 करोड़ रुपये का टैक्स बकाया, पेनाल्टी में मिलेगी 70 प्रतिशत छूट

31 अक्टूबर को परिवहन विभाग कार्यालय में लगेगा विशेष कैंप, एआरटीओ ने वाहन स्वामियों से बकाया टैक्स जमा करने की अपील की

समाज जागरण/अनिल कुमार अग्रहरी

सोनभद्र। जिले में परिवहन विभाग का 11,567 वाहन स्वामियों पर करीब 89 करोड़ रुपये का टैक्स बकाया है। लंबे समय से बकाया टैक्स जमा नहीं करने वाले वाहन स्वामियों को राहत देने के लिए परिवहन विभाग की ओर से विशेष पहल की जा रही है। इसके तहत 31 अक्टूबर को परिवहन विभाग कार्यालय परिसर में विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। कैंप में बकाया टैक्स पर लगने वाली पेनाल्टी में 70 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

एआरटीओ सोनभद्र कौशल कुमार सिंह ने बताया कि जिले में बड़ी संख्या में वाहन स्वामियों पर टैक्स बकाया है। विभाग की ओर से बकाया वसूली के लिए नोटिस और आरसी जारी किए जाने के बावजूद कई वाहन स्वामियों ने अब तक टैक्स जमा नहीं किया है। ऐसे वाहन स्वामियों को राहत देने के उद्देश्य से विशेष कैंप लगाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि कैंप में वाहन स्वामियों को बकाया टैक्स के साथ देय पेनाल्टी में 70 प्रतिशत की छूट मिलेगी। इसके अलावा टैक्स और पेनाल्टी जमा करने की प्रक्रिया में भी आवश्यक सहूलियत उपलब्ध कराई जाएगी।

बकाया जमा नहीं करने पर कुर्की और नीलामी की कार्रवाई

एआरटीओ ने वाहन स्वामियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जिन लोगों को टैक्स जमा करने के लिए नोटिस और आरसी जारी की जा चुकी है, वे इसे गंभीरता से लें। बकाया जमा नहीं करने की स्थिति में संबंधित वाहन स्वामियों के खिलाफ नियमानुसार कुर्की और नीलामी की कार्रवाई की जा सकती है।

उन्होंने सभी बकायेदार वाहन स्वामियों से अपील की कि वे 31 अक्टूबर को परिवहन विभाग कार्यालय पहुंचकर विशेष कैंप का लाभ उठाएं और अपने बकाया टैक्स का निस्तारण कराएं। पेनाल्टी में मिलने वाली छूट का लाभ लेकर बकाया समाप्त करने का यह अवसर है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)