इलाज के दौरान मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के फुलवारी शरीफ और बेउर थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके दशरथा मोड़ के समीप मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने पटना-परसा बायपास मार्ग को घंटों जाम कर जमकर हंगामा किया। मृतक की पहचान फुलवारी शरीफ प्रखंड के नदियावां गांव निवासी 45 वर्षीय सुरेंद्र कुमार उर्फ बल्ली के रूप में की गई है। वे स्वर्गीय रामदेव सिंह के पुत्र थे और निजी स्तर पर मार्केटिंग का कार्य करते थे।
मंगलवार को वे अपने किसी व्यक्तिगत काम से बाइक द्वारा बेउर की तरफ जा रहे थे, तभी यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब सुरेंद्र कुमार लालू पेट्रोल पंप के समीप दशरथा मोड़ के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ऑटो ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुरेंद्र कुमार उछलकर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें आनन-फानन में बायपास स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौत की खबर सुनते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने पटना-परसा बायपास मार्ग को जाम कर दिया। सड़क पर उतरकर लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलते ही बेउर थाना प्रभारी अफसर हुसैन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने आक्रोशित लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर बमुश्किल शांत कराया और जाम हटवाया। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को पुलिस ने जब्त कर लिया है। चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



