समाज जागरण
विजय तिवारी
ब्यौहारी । रक्षाबंधन के पावन पर्व पर सेंट्रल एकेडमी इंटरनेशनल स्कूल, ब्यौहारी की छात्राओं ने व्योहारी थाना में पहुँचकर पुलिसकर्मियों के साथ भाई-बहन के रिश्ते का प्रतीक राखी उत्सव धूमधाम से मनाया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के असली रक्षकों—खाकी वर्दीधारियों के प्रति आभार और सम्मान व्यक्त करना था। विद्यालय के प्रधानाचार्य के नेतृत्व में छात्राएं एवं शिक्षिकाएं थाना परिसर पहुँचीं। छात्राओं ने मुस्कुराते हुए पुलिसकर्मियों के माथे पर तिलक लगाया, राखी बाँधी और मिठाई खिलाई। इस दौरान वातावरण भाईचारे और आत्मीयता से भर गया। छात्राओं ने कहा कि पुलिस दिन-रात जनता की सुरक्षा में तत्पर रहती है, इसलिए वे असली ‘भाई’ हैं, जो हर समय मदद के लिए तैयार रहते हैं। थाना प्रभारी ने विद्यालय परिवार का धन्यवाद देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन पुलिस और जनता के बीच विश्वास और स्नेह को बढ़ाते हैं। उन्होंने छात्राओं को शुभकामनाएँ दीं और रक्षाबंधन के संदेश—सुरक्षा, प्रेम और एकता—को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। विद्यालय के प्रबंध संचालक रवि मिश्रा ने बताया कि इस प्रकार के सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम बच्चों में सेवा भाव, कृतज्ञता और देशभक्ति की भावना प्रबल करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर राष्ट्र की उन्नति और समाज में शांति-समरसता की कामना की। ब्यौहारी में स्टूडेंट्स पुलिस एक्सपीरियशल लर्निंग प्रोग्राम (SPEL)-2.0 के तहत सेंट्रल एकेडमी इंटरनेशनल स्कूल के छात्रों को पुलिस थाना ब्यौहारी में पुलिस और प्रशासनिक कार्यों के प्रति जागरूक किया गया।नगर निरीक्षक अरुण पाण्डेय ने छात्रों को कानून और आपराधिक प्रक्रिया, आपराधिक अनुसंधान, यातायात नियंत्रण, साइबर क्राइम, मानव तस्करी, कानून व्यवस्था आदि विषयों पर जानकारी दी। इसके अलावा, छात्रों को पुलिस कार्यालय में लोक शिकायत प्रकोष्ठ, मानवाधिकार सैल, रिट सैल, मॉनटरिंग सैल, साइबर थाना, महिला सहायता प्रकोष्ठ आदि का भ्रमण कराया गया और थाना कोतवाली के उप निरीक्षक ने थानों का भ्रमण कराया और कार्यालय में कार्यों के बारे में जानकारी दी। इस कार्यक्रम में गणमान्य नागरिक ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, ब्लॉक स्रोत समन्वयक, बी. ए. सी.., थाने के समस्त स्टाफ , पत्रकार, इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया के संपादक, शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



