अपहरण के आरोपी प्रेमी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ बिहार की राजधानी पटना के नौबतपुर इलाके में एक नाबालिग लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। मृतका दो दिन पहले अपने प्रेमी महेश कुमार के साथ घर से फरार हुई थी, जिसके बाद परिजनों ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।जानकारी के अनुसार, मृतका और विक्रम निवासी महेश कुमार एक-दूसरे से प्रेम करते थे और शादी करना चाहते थे। अलग-अलग जातियों से होने के कारण लड़की के परिजन इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे। दो दिन पहले जब लड़की घर से गायब हुई, तो उसके पिता ने आईआईटी थाना (अमहारा) में महेश और उसके परिजनों के विरुद्ध अपहरण का मामला दर्ज कराया था।इसी बीच, परिजनों को दोनों के ठिकाने का पता चला और उन पर घर लौटने का दबाव बनाया गया। बताया जा रहा है कि इसी घटनाक्रम के दौरान लड़की ने कथित तौर पर जहर खा लिया।
पुलिस उसे आनन-फानन में पटना एम्स ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के परिजनों का आरोप है कि महेश ने पहले उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अगवा किया और बाद में उसकी हत्या कर दी। वहीं, पुलिस इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या मान रही है, लेकिन हत्या के पहलू को भी नकारा नहीं जा रहा है। थाना प्रभारी रोशन कुमार राज ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और कॉल रिकॉर्ड्स की जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल आरोपी प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। इस घटना ने एक बार फिर सामाजिक दबाव और प्रेम संबंधों के बीच उपजे हिंसक हालातों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन का दावा है कि जल्द ही मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



