सीधी जिले के बंजारी स्कूल के बच्चों एवं शिक्षकों ने किया गोदावल धाम का भ्रमण, भगवान भोलेनाथ और मां दुर्गा के दर्शन कर जाना प्राचीन इतिहास
विजय तिवारी
ब्योहारी/शहडोल। शहडोल जिले के ब्योहारी विकासखंड स्थित प्राचीन तपोभूमि गोदावल धाम अब धार्मिक, आध्यात्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में अपनी अलग पहचान स्थापित कर रहा है। प्राकृतिक सौंदर्य, धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक महत्व से परिपूर्ण यह धाम धीरे-धीरे श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनता जा रहा है। यहां दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु दर्शन करने के साथ ही परिवार और बच्चों के साथ पिकनिक मनाने भी पहुंच रहे हैं।
इसी कड़ी में आज जिला सीधी के बंजारी स्कूल के सभी विद्यार्थी एवं शिक्षक गोदावल धाम पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ एवं मां दुर्गा आदिशक्ति के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। भ्रमण के दौरान बच्चों ने धाम की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया और परिसर में लगे झूलों पर खूब आनंद उठाया। इस दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को गोदावल धाम के प्राचीन इतिहास, धार्मिक मान्यताओं और आध्यात्मिक महत्व से भी परिचित कराया गया।
समाजसेवियों के सहयोग से संवर रही तपोभूमि
गोदावल धाम के विकास एवं व्यवस्थाओं में समाजसेवी खुशीराम रघुवंशी लगातार सेवा भाव से अपनी भूमिका निभा रहे हैं। उनके अनुसार क्षेत्रवासियों और समाजसेवियों के सामूहिक सहयोग से इस धार्मिक स्थल को बेहतर स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय लोगों की सहभागिता से धाम का विकास हो रहा है, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुविधाएं मिल सकें।
धार्मिक आस्था के साथ पर्यटन की भी अपार संभावनाएं
गोदावल धाम की विशेषता यह है कि यहां धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण के साथ प्राकृतिक सौंदर्य का भी आनंद लिया जा सकता है। यही कारण है कि अब आसपास के जिलों सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोग यहां पहुंच रहे हैं। विशेषकर विद्यार्थियों और परिवारों के लिए यह स्थल धार्मिक दर्शन के साथ भ्रमण एवं मनोरंजन का भी अच्छा माध्यम बन रहा है।
अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
गोदावल धाम के विकास में सहयोग कर रहे सहयोगियों एवं समाजसेवियों ने क्षेत्रवासियों, श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में गोदावल धाम पहुंचकर भगवान भोलेनाथ एवं मां दुर्गा आदिशक्ति के दर्शन करें और इस पवित्र तपोभूमि के आध्यात्मिक वातावरण का लाभ उठाएं।
साथ ही उन्होंने लोगों से इस धार्मिक स्थल के विकास एवं संरक्षण में सहयोग करने का आग्रह किया, ताकि गोदावल धाम आने वाले समय में शहडोल संभाग ही नहीं, बल्कि प्रदेश के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में अपनी पहचान बना सके।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



