लखनऊ, 28 जुलाई 2026। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) भर्ती विज्ञापन संख्या-02/2022 के तहत चयनित 624 अभ्यर्थियों का जनपद आवंटन जारी कर दिया है। आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि चयनित अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट Uttar Pradesh Education Service Selection Commission पर जाकर अपना जनपद आवंटन देख सकते हैं।
आयोग के अनुसार, टीजीटी भर्ती के अंतर्गत 16 विषयों के लिए यह आवंटन जारी किया गया है। इनमें भौतिक विज्ञान, गृह विज्ञान, इतिहास, शिक्षा शास्त्र, अंग्रेजी, कृषि, वाणिज्य, समाजशास्त्र, नागरिक शास्त्र, गणित, अर्थशास्त्र, संस्कृत, रसायन विज्ञान, भूगोल, हिंदी एवं कला शामिल हैं।
इन विषयों की लिखित परीक्षा 9 एवं 10 मई 2026 को आयोजित की गई थी। परीक्षा का परिणाम 2 जून 2026 को घोषित किया गया, जबकि सफल अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 15 से 27 जून 2026 तक संपन्न हुए। इसके बाद उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन नियमावली, 1998 के नियम 12(8) के तहत 7 जुलाई 2026 को अंतिम चयन परिणाम जारी किया गया था।
अब नियम 12(10) के प्रावधानों के अनुसार चयनित 624 अभ्यर्थियों का जनपद आवंटन कर दिया गया है। आयोग ने सभी चयनित अभ्यर्थियों से कहा है कि वे आधिकारिक वेबसाइट पर लॉगिन कर अपना आवंटित जनपद देख लें और आगे की नियुक्ति संबंधी प्रक्रिया के लिए संबंधित निर्देशों का पालन करें।
आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि आयोग सभी भर्ती प्रक्रियाओं को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रतिबद्ध है। जनपद आवंटन जारी होने के साथ ही टीजीटी भर्ती प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया है।
#TGT2022 #UPESSC #TeacherRecruitment #DistrictAllotment #UPTeacher #EducationNews #GovernmentJobs #SamajJagran
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



