समाज जागरण/ आदिवासी सुनील त्रिपाठी
चोपन/ सोनभद्र। चोपन में सोन पुल के पास सवर्ण आर्मी के जिला कार्यालय का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर जनपद भर से सवर्ण समाज के लोग एकत्रित हुए। संगठन का उद्देश्य सवर्ण समाज में एकता, सम्मान और संगठन को मजबूत करना बताया गया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सवर्ण आर्मी उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष विजेंद्र सिंह फौजी थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह संगठन उन युवाओं की आवाज है जो समाज में समानता, अधिकार और गरिमा चाहते हैं। फौजी ने स्पष्ट किया कि संगठन का उद्देश्य किसी का विरोध करना नहीं, बल्कि अपने समाज को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य किसी को नीचा दिखाना नहीं, बल्कि स्वयं को ऊपर उठाना है।” विजेंद्र सिंह फौजी ने इस बात पर जोर दिया कि सवर्ण समाज ने देश की संस्कृति, शिक्षा, सेना, प्रशासन और न्याय व्यवस्था को दिशा दी है। उन्होंने कहा कि अब यह समाज अपने मूल्यों की रक्षा के लिए संगठित हो रहा है। उन्होंने बच्चों को परिश्रम, संस्कार और सम्मान की शिक्षा देने पर बल दिया, ताकि वे अपने पूर्वजों के योगदान को न भूलें। फौजी ने आह्वान किया कि हर गांव, नगर और जनपद में सवर्ण आर्मी का झंडा फहराया जाए, ताकि कोई उनके आत्मसम्मान को चुनौती न दे सके। उन्होंने यह भी कहा कि सवर्ण आर्मी किसी राजनीतिक दल का मोहरा नहीं है, बल्कि राष्ट्रवादी सोच वाले सिपाही हैं जो समाज के अधिकार, सम्मान और अस्तित्व के लिए संघर्षरत हैं। उन्होंने कहा कि सवर्ण समाज अब एकजुट होकर हर अन्याय और उपेक्षा का जवाब संगठन की शक्ति से देगा।
विशिष्ट अतिथि आशीष तिवारी, प्रदेश महासचिव, सवर्ण आर्मी उत्तर प्रदेश ने अपने संबोधन में कहा कि सवर्ण आर्मी का उद्देश्य समाज में समानता, सम्मान और सहयोग की भावना को सुदृढ़ बनाना है। उन्होंने कहा, “समाज को जोड़ना हमारा कर्तव्य है, तोड़ना नहीं। हमें अपने गौरवशाली इतिहास को फिर से जीवित करना है।” कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष शिवदत्त तिवारी ने अपने प्रभावशाली शब्दों में किया, जबकि जिला अध्यक्ष अशोक दूबे ने स्वागत भाषण देते हुए संगठन की योजनाओं और उद्देश्यों का विस्तारपूर्वक उल्लेख किया।दीप प्रज्वलन, फीता काटकर उद्घाटन और सम्मान समारोह के बीच उपस्थित जनसमूह बार-बार जय सवर्ण आर्मी, जय भारत के नारों से गूंजता रहा। इस अवसर पर मंडल प्रभारी अविनाश शुक्ला, मंडल सह प्रभारी मुकेश चौबे, जिला संयोजक कमला त्रिपाठी, जिला सहसंयोजक विनोद सिंह, जिला संरक्षक शिवपूजन त्रिपाठी, महिला प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष श्रद्धा मिश्रा, जिला प्रभारी आशुतोष मिश्रा, जिला सचिव बमबम दूबे, जिला उपाध्यक्ष कपिलकांत पाठक, बृजकिशोर, जितेंद्र सिंह, जिला सचिव हेमंत त्रिपाठी, अवनीश पांडेय, ललित पाठक, मनोज केशरी, ब्लॉक प्रभारी ऋषभ कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और समाजसेवी उपस्थित रहे।



