मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के लाभार्थी के खाते में राशि भेजी गई

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत, मेची सभागार जिला परिषद में शुक्रवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के दस लाख लाभार्थी के खाते में कुल एक हजार करोड़ की राशि भेजी. लाभार्थी के बैंक खाते में राशि अंतरण की गई. महिलाएं, वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से इस कार्यक्रम से जुड़ीं. इस मौके पर जिलाधिकारी विशाल राज ने महिलाओं को इस योजना से मिली राशि से स्वरोजगार के साधन विकसित करने को कहा। उन्होंने महिलाओं को पूँजी का उपयोग कर, उद्यमिता से आर्थिक स्वावलंबन की राह अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि स्वरोजगार और अपना आय का साधन होने से, महिलाओं को सम्मान के साथ जीवन जीने में मदद मिलेगी. इस मौके पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा भी उपस्थित थे। प्रत्येक परिवार के एक महिला सदस्य को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का लाभ दिया जा रहा है. दस हजार रुपये की राशि लाभार्थी के बैंक खाते में अंतरण किया जा रहा है. जिससे वे किराना, मनिहारा, सब्जी, कपड़ा सिलाई, चाय – नाश्ता जैसे सूक्ष्म उद्यम, पशुपालन इत्यादि क्षेत्रों में रुचि अनुसार स्वरोजगार शुरू कर रही हैं। जीविका की डीपीएम अनुराधा चंद्रा ने बताया कि किशनगंज में इस योजना के तहत लगभग तीन लाख बाईस हजार से अधिक आवेदन फॉर्म भरे गए हैं। जिनमें से तीन लाख सोलह हजार आवेदकों की ऑनलाइन प्रविष्टि पूर्ण कर ली गई है। महिलाएँ इस योजना से प्राप्त राशि से स्वरोजगार शुरू कर रही हैं. मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से प्राप्त राशि से कोचाधामन प्रखंड के बगलबाड़ी पंचायत की सोनी देवी ने कपड़ा सिलाई मशीन खरीदा है। वे कहती हैं कि कपड़ा सिलाई के काम करने से उन्हें नियमित आमदनी होने लगी है। घर में दो पैसा आने लगा है। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का लाभ लेकर वे खुश हैं। उन्हें अपना स्वरोजगार शुरू करने के लिए पूँजी प्राप्त हुआ है। वहीं, इस योजना का लाभ लेकर पोठिया प्रखंड के परलाबाड़ी पंचायत की हीना बेगम ने फल बिक्री का कारोबार शुरू किया है। ऐसे ही अन्य महिलाएँ भी इस योजना का लाभ लेकर स्वरोजगार का साधन विकसित कर रही हैं। महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण से पूरा परिवार खुशहाल होता है। सभी सात प्रखंड मुख्यालय, संकुल संघ, ग्राम संगठन में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया. जहाँ जीविका दीदियाँ एवं अन्य महिलाएँ प्रोजेक्टर, टेलीविजन, टैब इत्यादि माध्यम से इस कार्यक्रम से जुड़ी।

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)