समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ राजधानी पटना में शुक्रवार की सुबह परसा बाजार थाना क्षेत्र के यादव चक गांव में डायल 112 में तैनात महिला सिपाही की शव उसके किराए के घर में ही पड़ी मिली। मृतका की पहचान महिला सिपाही कनक प्रिया के रूप में हुई है। वह इसी गांव में किराए के मकान में अपने पति के साथ रह रही थी। पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मृतका व उसके पति के मोबाइल कॉल डिटेल्स की भी जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो कनक प्रिया के गले पर गहरे निशान पाए गए। जिससे आशंका और गहराई कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। हालांकि पुलिस आत्महत्या की संभावना से भी इनकार नहीं कर रही है। कनक प्रिया का पति प्रभात रंजन भी बिहार पुलिस में सिपाही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मृतका के परिजनों के पटना पहुंचने का इंतजार कर रही है, ताकि उनके बयान के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा सके। सूत्रों के अनुसार मकान से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, और यह भी साफ नहीं हो पाया है कि वारदात रात में कब और कैसे हुई। इन तमाम सवालों के जवाब अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही सामने आ पाएंगे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



