ब्यूरो चीफ सोनभद्र/ समाज जागरण
सोनभद्र। प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के सम्मेलन कार्यक्रम में माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं प्रांतीय रक्षक दल के जवानों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को देखा एवं सुना।
माननीय मुख्यमंत्री द्वारा प्रांतीय रक्षक दल के जवानों के हित में महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। मुख्यमंत्री ने कैशलेस उपचार योजना के अंतर्गत प्रत्येक पीआरडी जवान को रूपया 5 लाख तक के कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की। इस सुविधा का लाभ प्रदेश के लगभग 31,000 प्रांतीय रक्षक दल के जवानों को मिलेगा। जनपद सोनभद्र के 428 पीआरडी जवान भी इस महत्वपूर्ण सुविधा से लाभान्वित होंगे।
मुख्यमंत्री ने प्रांतीय रक्षक दल के जवानों के ड्यूटी भत्ते में रूपया 100 की वृद्धि करते हुए इसे रूपया 500 से बढ़ाकर रूपया 600 प्रतिदिन किए जाने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री की इस घोषणा से पीआरडी जवानों में उत्साह एवं प्रसन्नता का माहौल रहा। उपस्थित जवानों ने मुख्यमंत्री द्वारा उनके हित में की गई घोषणाओं का स्वागत करते हुए हर्ष व्यक्त किया तथा इसे जवानों के कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गौड़ के प्रतिनिधि संजीव कुमार त्रिपाठी, बीओ पीआरडी प्रदीप कुमार सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित प्रांतीय रक्षक दल के जवान उपस्थित रहे। माननीय मुख्यमंत्री की घोषणाओं से पीआरडी जवानों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा के साथ-साथ बेहतर स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिलेगा। इससे जवानों में अपने दायित्वों के प्रति और अधिक उत्साह एवं समर्पण की भावना को बल मिलेगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



