ब्यूरो समाज जागरण
सोनभद्र। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के कुशल निर्देशन में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं पीड़ितों की धनराशि की रिकवरी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में थाना चोपन पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
आवेदक धीरज जायसवाल पुत्र नागेन्द्र जायसवाल निवासी अग्रवाल मार्केट, कस्बा चोपन, थाना चोपन, जनपद सोनभद्र के साथ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा स्वयं को आरटीओ अधिकारी बताकर लाइसेंस बनवाने के नाम पर ₹5 का भुगतान करने हेतु एक लिंक भेजा गया। उक्त लिंक पर क्लिक करने के पश्चात् आवेदक के बैंक खाते से ₹1,89,500/- (एक लाख नवासी हजार पांच सौ रुपये) की धोखाधड़ी की गई। घटना की सूचना पर थाना चोपन की साइबर टीम द्वारा आवेदक से आवश्यक जानकारी व ट्रांजैक्शन से संबंधित दस्तावेज प्राप्त कर साइबर पुलिस पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज की गई।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक चोपन कुमुद शेखर सिंह व का0 सुनील रावत (साइबर हेल्प डेस्क) के कुशल नेतृत्व में थाना चोपन की साइबर टीम द्वारा तत्परता से कार्यवाही की गई। टीम द्वारा एनसीआरपी पोर्टल का अवलोकन कर आवेदक की फ्रॉड हुई धनराशि को मेहसाणा (गुजरात), मोतिहारी (बिहार), दिल्ली, महाराष्ट्र, विशाखापत्तनम (आंध्रप्रदेश) तथा इन्दौर (मध्यप्रदेश) स्थित संबंधित बैंक खातों में होल्ड कराया गया। तत्पश्चात् एनसीआरपी पोर्टल से साक्ष्य संकलित कर संबंधित बैंक शाखाओं को ई-मेल के माध्यम से पत्राचार कर धनवापसी की प्रक्रिया पूर्ण की गई। परिणामस्वरूप आवेदक की फ्रॉड हुई धनराशि में से ₹1,88,127/- (एक लाख अठ्ठासी हजार एक सौ सत्ताइस रुपये) को उसके मूल बैंक खाते में आज दिनांक 08.11.2025 को पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा एवं अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार की उपस्थिति में सफलतापूर्वक वापस कराया गया।
आवेदक द्वारा पुलिस अधीक्षक अपर पुलिस अधीक्षक एवं थाना चोपन की साइबर टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई।



