google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

गर्दनीबाग में राज्यभर के कर्मचारियों का धरना 16वें दिन भी जारी

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज
राजधानी पटना के गर्दनीबाग में बिहार के विभिन्न जिलों से आए कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर 11 फरवरी से हड़ताल पर हैं और पिछले 16 दिनों से शांतिपूर्ण धरने पर डटे हुए हैं।
धरनारत कर्मचारियों का कहना है कि वे वेतन विसंगति, सेवा शर्तों में सुधार तथा अन्य सुविधाओं से संबंधित मांगों पर सरकार से ठोस और सकारात्मक पहल की अपेक्षा कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों के अनुसार कई बार ज्ञापन सौंपने के बावजूद अब तक कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया है, जिसके कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।


धरना स्थल पर प्रतिदिन बैठक आयोजित कर आगे की रणनीति तय की जा रही है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी समस्याओं का समुचित समाधान नहीं किया जाएगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने राज्य सरकार से शीघ्र वार्ता कर न्यायपूर्ण निर्णय लेने की अपील की है, ताकि कर्मचारियों की लंबित मांगों का समाधान हो सके और कार्य व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो।


इधर, धरना-प्रदर्शन का असर अब सरकारी कार्यों पर स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। हड़ताल के कारण अंचल कार्यालयों में दाखिल-खारिज, परिमार्जन, आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र निर्गमन सहित अन्य राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो गए हैं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दूरदराज क्षेत्रों से अंचल कार्यालय पहुंचने वाले लोगों को बिना काम कराए लौटना पड़ रहा है। भूमि संबंधी मामलों के लंबित रहने से किसानों और आम नागरिकों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। दाखिल-खारिज एवं परिमार्जन जैसे आवश्यक कार्यों में विलंब होने से कई लोगों के बैंक ऋण, जमीन खरीद-फरोख्त और अन्य जरूरी प्रक्रियाएं अटक गई हैं।


धरनारत कर्मचारियों में मिथिलेश झा, संजीत कुमार, राहुल रंजन, हंसराज साहनी, कृष्ण मुरारी, भीम कुमार, पवन कुमार, आशुतोष कुमार, सचिन कुमार सहित सैकड़ों कर्मचारी शामिल हैं, जो अपनी मांगों को लेकर एकजुटता के साथ आंदोलन पर डटे हुए हैं।
वहीं आम नागरिक शीघ्र समाधान की उम्मीद लगाए हुए हैं। लोगों ने सरकार और कर्मचारियों से आपसी संवाद के माध्यम से जल्द समाधान निकालने की अपील की है, ताकि कार्यालयों का कामकाज सामान्य हो सके और जनता को राहत मिल सके।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)