वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
सीमावर्ती क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत किशनगंज पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गलगलिया चेक पोस्ट पर सघन वाहन जांच के दौरान पुलिस ने 246 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत ₹1,23,00,000 (एक करोड़ तेईस लाख रुपये) आंकी गई है। इस कार्रवाई में एक ट्रक जब्त किया गया तथा दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि असम पंजीकरण संख्या वाला एक ट्रक असम से गलगलिया मार्ग होते हुए बिहार में अवैध मादक पदार्थ की खेप ला रहा है, जिसे आगे अररिया की ओर पहुंचाया जाना था। सूचना के सत्यापन के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, ठाकुरगंज के नेतृत्व में थानाध्यक्ष गलगलिया, गश्ती दल, मधनिषेध टीम एवं दंडाधिकारी के साथ संयुक्त छापेमारी दल का गठन किया गया।
चेक पोस्ट पर बंगाल की ओर से आने वाले वाहनों की सघन जांच के क्रम में असम नंबर के ट्रक (रजि. सं. AS01FC2576) को रोका गया। ट्रक के ऊपरी हिस्से में सीमेंट लदा हुआ था। संदेह होने पर दंडाधिकारी की उपस्थिति में ट्रक की विधिवत तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान सीमेंट की बोरियों के नीचे विशेष रूप से बनाए गए तहखाने से 39 पैकेट में छिपाकर रखा गया कुल 246 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने ट्रक को जब्त करते हुए चालक मो. इम्तियाज जमील (पिता–मो. जामिल, ग्राम–पिपरौलिया, थाना–झंझारपुर, जिला–मधुबनी) तथा सह-चालक विजय कुमार ठाकुर (पिता–रामबहादुर ठाकुर, ग्राम–रामनगर, थाना–फुलपरास, जिला–मधुबनी) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
इस संबंध में गलगलिया थाना कांड संख्या 17/26, दिनांक 26.02.26 के तहत मादक द्रव्य एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस तस्करी के नेटवर्क की आगे और पीछे की कड़ियों की भी गहन जांच कर रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



