समाज जागरण संवाददाता
कानपुर देहात। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के तत्वावधान में वृद्धाश्रम रनियां, में दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन मंत्रालय के अंतर्गत आर आर टीसी के रूप में कार्यरत शिवा ग्रामोद्योग सेवा संस्थान, कानपुर द्वारा एलिम्को के सहयोग से किया गया।
इस कार्यक्रम के दौरान उपजिलाधिकारी नीरज गौतम, प्रभारी जिला समाज कल्याण अधिकारी ने वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनकी जरूरतों एवं समस्याओं के बारे में बातचीत करने के साथ ही वृद्धाश्रम में उपलब्ध व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
इस अवसर पर वृद्धाश्रम के कर्मचारियों के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण सत्र में वृद्धजनों की देखभाल, उनकी दैनिक जरूरतों को पूरा करने, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों और सहायक उपकरणों के सही उपयोग पर जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य परीक्षण और जागरूकता गतिविधियों के साथ सहायक उपकरणों का वितरण किया गया।
शिवा ग्रामोद्योग सेवा संस्थान के संस्थापक एवं सचिव राजेंद्र सिंह तथा एलिम्को की टीम कार्यक्रम में उपस्थित रही। मंत्रालय की वरिष्ठ नागरिक कल्याण संबंधी पहल के अंतर्गत आयोजित यह कार्यशाला वृद्धाश्रम की सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने और बुजुर्गों के जीवन को सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास रही।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



