समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ पटना में विजिलेंस की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। रूपसपुर थाने के दो दरोगा फिरदौस आलम और रंजीत कुमार को 50 हजार रुपए घूस लेते गिरफ्तार किया है। एसएसपी अवकाश कुमार ने दोनों दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। दोनों लोकनायक जयप्रकाश नारायण अस्पताल के गेट के पास केस मैनेज करने के लिए तुषार कुमार पांडेय से घूस ले रहे थे। पीड़ित ने इसकी शिकायत विजिलेंस से की थी। जांच में मामला सही निकला। इनपुट के आधार पर सभी पदाधिकारी सिविल ड्रेस में पहुंचे थे। फिरदौस आलम और रंजीत कुमार को ये पता ही नहीं चला कि जिससे वो रिश्वत ले रहे हैं, उनके साथ विजिलेंस की टीम भी मौजूद हैं। मुश्किल से 1 मिनट की बातचीत के बाद जैसे रुपए लेन-देन की बारी आई, विजिलेंस ने रंगे हाथों दबोच लिया। पहले दोनों दरोगा समझ नहीं पाए कि उनके साथ क्या हो रहा है। विजिलेंस के पदाधिकारियों ने अपना परिचय दिया तो चेहरे का रंग उड़ गया। गिरफ्तारी की पुष्टि विजिलेंस के डीएसपी अरुणोदय पांडेय ने की है। तुषार पांडेय भोजपुर के रहने वाले हैं। फिलहाल पटना में जगदेव पथ में रहते हैं। राहुल कुमार से रुपए के लेन-देन का विवाद चल रहा था। इसी को मैनेज करने के लिए दरोगा ने 50 हजार रुपए की डिमांड की थी।घूसखोर दरोगा को विजिलेंस रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ना चाहती थी। इसलिए इनपुट मिलने के बाद डीएसपी अरुणोदय पांडेय के नेतृत्व में धावा दल का गठन किया गया था। ट्रैकिंग से लेकर गिरफ्तारी तक एक-एक चीज की फीडबैक अपने पदाधिकारियों से ले रहे थे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



