प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम ने घंटों मशक्कत बाद ढूंढा शव, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
अनूपपुर। जिले में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही झमाझम बारिश के उपरांत पहाड़ी क्षेत्र से निचले क्षेत्र में बन रहे पानी के बहाव में रविवार की रात जिला मुख्यालय अनूपपुर से १७ किलोमीटर दूर सजहा नाला पर तेज गति से बह रहे पानी के बहाव में एक कार बह गई, जिसमें सवार दम्पत्ति समेत दो बच्चों की मौत हो गई। मृतकों में वार्ड क्रमांक ९ बाबा कॉलोनी निवासी अनूपपुर व एसईसीएल कॉलरी कर्मचारी ३९ वर्षीय चंद्रशेखर सिंह यादव और जिला अस्पताल अनूपपुर में स्टाफ नर्स के रूप में सेवा दे रही ३५ वर्षीय पत्नी प्रीति सिंह यादव सहित उनके दो बच्चे जिनमें ८ वर्षीय बेटा रियांश और डेढ़ वर्षीय बेटी शिवी यादव शामिल हैं। घटना रात के लगभग ७.३० बजे के आसपास घटी। घटना की सूचना पर तत्काल ही कलेक्टर हर्षल पंचोली, पुलिस अधीक्षक मोती उर रहमान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक इसरार मंसूरी, एसडीएम कमलेश पुरी, तहसीलदार सहित थाना प्रभारी कोतवाली व एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची, जहां शवों की तलाश आरंभ करते हुए घंटे भर की मशक्कत में प्रीति यादव का शव बरामद किया।
लेकिन तीन अन्य शवों को रेस्क्यू टीम रात के समय ढूंढ नहीं पाई। वहीं पुलिस ने महिला के शव को तत्काल जिला अस्पताल भेजवाते हुए सुरक्षित फ्रीजर में रखवा दिया। पुन: सोमवार की सुबह प्रशासन के साथ रेस्क्यू टीम द्वारा शवों की खोजबीन आरंभ की, ग्रामीणों की मदद से तीनों शवों को दोपहर तक ढूंढ निकाला गया। फिलहाल पुलिस चारों शवों को लेकर जिला अस्पताल में सुरक्षित रखवा दिया है। पंचनामा के साथ पीएम की कार्रवाई मंगलवार की जाएगी।
कई किलोमीटर दूर तक बहा शव, कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त
पुलिस की जानकारी के अनुसार अवढैरा, अकुआ पहाड़ी क्षेत्र में बारिश अधिक होने के कारण पानी का बहाव सजहा वेयरहाउस के पास सजहा नाला से हो रहा था, लेकिन माना जाता है कि पानी का बहाव इतना अधिक और तेज था कि पानी नाला उपर से बहाव भरने लगा।
जिसमें अमरकंटक की ओर से कार में सवार होकर आ रहे चंद्रशेखर पूरा परिवार उस बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी के बहाव में बह गया। लोगों का कहना था कि कार के आगे एक बस भी निकली, जहां चंद्रशेखर को लगा कि वह भी पीछे से नाला पार कर जाएगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। रेस्क्यू टीम ने रात के समय मृतिका प्रीति यादव का शव सकरा स्थित बकान नदी से, चंद्रशेखर का शव थनाट्टा गांव समुदहा नदी से, बेटा रियांश का शव खम्हरिया गांव बकान नदी से और बेटी शिवि का शव खेरकुंडी गांव निदावन से बरामद किया जो घटना स्थल से १-१८ किलोमीटर के बीच माना गया है।


जबकि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया इसे बकाननदी से बरामद किया गया है।
कलेक्टर ने पंचायतकर्मी और पटवारी के निलंबन का भेजा प्रस्ताव
वहीं कलेक्टर हर्षल पंचोली ने घटना को गंभीर मानते हुए मामले में पंचायत कर्मी और पटवारी की लापरवाही पर मामले में जिपं सीइओ से निलंबन की कार्रवाई करने प्रस्ताव भेजा है। जिसपर कल तक कार्रवाई संभव है। कलेक्टर ने बताया कि अगर समय रहते सुरक्षा व्यवस्था बना दी जाती और मुस्तैदी रहती तो घटना नहीं होती।
राज्यमंत्री के साथ पूर्व विधायक पहुंचे अस्पताल
दुखद घटना पर सोमवार की दोपहर मप्र शासन कुटीर एवं ग्रामोद्योग राज्यमंत्री(स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल, अनूपपुर पूर्व विधायक एवं कोल विकास प्राधिकरण अध्यक्ष केबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त रामलाल रौतेल सहित अन्य जिला अस्पताल पहुंचे, जहां मृतकों के प्रति शोक संवेदना प्रकट करते हुए परिजनों को स्वेच्छा अनुदान निधि से २५-२५ हजार रुपए प्रदाय किए जाने की बात कही।
लोहारिन टोला में बहा ४ वर्षीय मासूम
राजेंद्रग्राम थाना अंतर्गत ग्राम लोहारिन टोला में रविवार को ही 4 वर्षीय मासूम के नदी में डूबने से मौत हो गई। जिसका शव अभी तक नहीं मिल सका है। एसडीआरएफ की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई है। सोमवार को तेज बारिश होने के कारण सर्च ऑपरेशन बंद करना पड़ा। थाना प्रभारी राजेन्द्रग्राम एसपी शुक्ला ने बताया कि ग्राम लोहारिन टोला निवासी 4 वर्षीय जितेश पिता अशोक सिंह जो अपने चाचा के साथ बाइक पर बैठकर घूमने के लिए गया था, जहां लोहारिन नाला नदी के पास चाचा उसे वहां खेल रहे दो-तीन बच्चों के पास छोडक़र शौच करने के लिए चला गया। शौच करके जब वह वापस आया तो वहां उपस्थित बच्चों ने बताया कि जितेश ने नदी के पानी में छलांग लगा दी और डूब गया। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी तथा पुलिस में एसडीआरएफ की टीम को इसकी सूचना दी मौके पर रविवार से ही मासूम की तलाश जारी है। एसडीआरएफ जिला कमांडेंट रामनरेश भवेदी ने आशंका जताई है कि लोहारिन नाला आगे जाकर जोहिला नदी में मिल जाता है, जिसके कारण जोहिला नदी में शव बह गया होगा।



