google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

हर-हर महादेव जयघोष के साथ महा शिवरात्रि पर हजारों श्रद्धालुओं ने किया जलाभिषेक, मेले में उमड़ा जनसैलाब

उपेन्द्र कुमार तिवारी/ समाज जागरण

दुद्धी/ सोनभद्र। आस्था, श्रद्धा और भक्ति के महापर्व महा शिवरात्रि के अवसर पर दुद्धी तहसील क्षेत्र में स्थित शिवालयों में भक्तों का अभूतपूर्व जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही मंदिरों में पूजा-अर्चना, जलाभिषेक और धार्मिक अनुष्ठानों का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक चलता रहा।


दुद्धी तहसील अंतर्गत महुली एवं ड्योढी ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध शिव पहाड़ी तथा घीवही क्षेत्र के रेघड़ा शिव मंदिर में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।


मंदिर परिसर में भक्तों की आस्था का एक और दृश्य उस समय देखने को मिला जब बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मन्नत पूर्ण होने की कामना से भगवान सत्यनारायण की कथा का श्रवण किया। कथा स्थल पर दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।


महा शिवरात्रि के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विंढमगंज थाना पुलिस के साथ-साथ उत्तर प्रदेश पीएसी के जवानों की तैनाती की गई थी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।


वहीं मंदिर परिसर के आसपास लगे शिवरात्रि मेले में इस वर्ष खासा उत्साह देखने को मिला। मेले में बच्चों के लिए झूले, खिलौनों की दुकानें, खानपान के स्टॉल तथा जलेबी, खुरमा और अन्य मिठाइयों की दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ रही। लोगों ने परिवार के साथ मेले का आनंद लिया और जमकर खरीदारी की।


पूरे क्षेत्र में दिनभर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा तथा महा शिवरात्रि का पर्व श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)