अल्ट्रासाउंड-गाइडेड कैडेवरिक नर्व ब्लॉक कार्यशाला में देशभर के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों के विशेषज्ञों ने दिया प्रशिक्षण
मुरादाबाद। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू) के मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर में एनेस्थीसिया की आधुनिक और सुरक्षित तकनीकों को लेकर अल्ट्रासाउंड-गाइडेड कैडेवरिक नर्व ब्लॉक कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें देश के प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों से आए विशेषज्ञों ने चिकित्सकों और प्रतिभागियों को नर्व ब्लॉक की आधुनिक तकनीकों, अल्ट्रासाउंड इमेजिंग तथा सुरक्षित प्रक्रिया के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी।
कार्यशाला में विशेषज्ञों ने कहा कि रीजनल एनेस्थीसिया में अल्ट्रासाउंड तकनीक का इस्तेमाल उपचार प्रक्रिया को अधिक सटीक, सुरक्षित और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसके लिए शारीरिक संरचनाओं की गहरी समझ, अल्ट्रासाउंड इमेज की सही व्याख्या और व्यावहारिक कौशल का होना बेहद जरूरी है।
एनेस्थीसियोलॉजी विभाग के एचओडी प्रो. मुकेश कुमार प्रसाद और एनाटॉमी विभाग के एचओडी प्रो. एसके जैन के दिशानिर्देश में आयोजित इस कार्यशाला का प्रमुख आकर्षण रियल टाइम अल्ट्रासाउंड इमेजिंग और कैडेवर पर वास्तविक शारीरिक संरचनाओं का तुलनात्मक अध्ययन रहा। विशेषज्ञों ने विभिन्न नर्व ब्लॉक तकनीकों का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया। प्रतिभागियों को नर्व की पहचान, सुई की सही दिशा, आसपास की रक्त वाहिकाओं और अन्य संरचनाओं की पहचान तथा सुरक्षित तरीके से नर्व ब्लॉक लगाने की प्रक्रिया समझाई गई।
मेडिकल साइंसेज के डीन, एनाटॉमी विभाग के एचओडी और कार्यशाला के अध्यक्ष प्रो. एसके जैन ने मृत शरीर के सम्मान और गरिमा को बनाए रखने के लिए सभी प्रतिभागियों को कैडेवरिक शपथ दिलाई। इससे पूर्व मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यशाला का शुभारंभ किया गया।
सर गंगा राम अस्पताल, नई दिल्ली के डॉ. सवितार मल्होत्रा और डॉ. भुवन चंद्र पांडेय ने अल्ट्रासाउंड इमेजिंग के माध्यम से नर्व की पहचान, आसपास की शारीरिक संरचनाओं का आकलन और सुरक्षित नर्व ब्लॉक की तकनीकी बारीकियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि किसी भी चिकित्सा प्रक्रिया की सफलता के लिए शारीरिक संरचनाओं की गहरी समझ और अल्ट्रासाउंड स्क्रीन पर दिखाई देने वाली इमेज की सही व्याख्या आवश्यक है।
यथार्थ सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल, ग्रेटर नोएडा के डॉ. अंशुमान मिश्रा और डॉ. आशीष कुमार ने अल्ट्रासाउंड-गाइडेड रीजनल एनेस्थीसिया के व्यावहारिक पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने नर्व की सटीक स्थिति, सुई की उचित दिशा, दवा के प्रसार की निगरानी और सुरक्षा मानकों के पालन को महत्वपूर्ण बताया।
एनसीआरआईएमएस के डॉ. मनीष जैन ने अपने अनुभव साझा करते हुए प्रतिभागियों को तकनीकी जानकारियां दीं। वहीं सिनर्जी अस्पताल, देहरादून के डॉ. सुधीर सिंह ने कहा कि रीजनल एनेस्थीसिया में केवल सैद्धांतिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है, बल्कि चिकित्सकों को नियमित व्यावहारिक अभ्यास भी करना चाहिए।
एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज, मेरठ की डॉ. श्वेता ने अल्ट्रासाउंड इमेजिंग की बारीकियों पर चर्चा की। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी, लखनऊ के डॉ. नीलकमल ने आधुनिक एनेस्थीसिया में अल्ट्रासाउंड आधारित तकनीकों की बढ़ती उपयोगिता बताई। स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय, देहरादून की डॉ. निधि कुमार और गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, नोएडा के डॉ. देबायन ने भी व्यावहारिक प्रशिक्षण और आधुनिक इमेजिंग तकनीकों के महत्व पर अपने विचार रखे।
कार्यशाला के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को प्रत्येक चरण में व्यक्तिगत मार्गदर्शन दिया और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। आयोजकों के अनुसार, इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम चिकित्सकों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने और चिकित्सा सेवाओं को अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी बनाने में सहायक हैं।
इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. एनके सिंह, वाइस प्रिंसिपल प्रो. प्रीथपाल सिंह मटरेजा, एनेस्थीसियोलॉजी विभाग के एचओडी डॉ. मुकेश कुमार प्रसाद, सीनियर रेडियोलॉजिस्ट प्रो. राजुल रस्तोगी, डॉ. पायल जैन, डॉ. शाहबाज आलम सहित अनेक चिकित्सक और प्रतिभागी मौजूद रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



